अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamui : बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र और छात्रा के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को बड़ा एक्शन लिया है। आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी नंदन यादव के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल नंदन को तुरंत जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही जिले के डीएम नवीन कुमार खुद अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
लखीसराय सीमा पर घेराबंदी, पुलिस पर तानी बंदूक
यह एनकाउंटर जमुई और लखीसराय जिले की सीमा पर स्थित कुंदर इलाके के पास हुई। पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि छेड़खानी के आरोपी इसी इलाके में छिपे हुए हैं। टीम ने जब घेराबंदी शुरू की, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिसकर्मियों ने अपना बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। इसी क्रॉस फायरिंग में नंदन यादव के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। चर्चा यह भी है कि कार्रवाई के दौरान हरेराम यादव नाम के एक अन्य आरोपी को भी गोली लगी है, हालांकि पुलिस अफसरों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वीडियो वायरल होते ही मचा था सियासी बवाल
इस पूरे मामले की शुरुआत सोमवार को हुई थी, जब सोशल मीडिया पर नाबालिग छात्रा से छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैल गया और मामला सीधे पटना से लेकर दिल्ली तक गरमा गया। राजद और कांग्रेस ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए सरकार को घेरा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों पर सख्त एक्शन की मांग की थी। चौतरफा दबाव बढ़ने के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह हरकत में आ गया।
तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार, बाकी की तलाश में दबिश
वीडियो वायरल होने के चंद घंटों के भीतर पुलिस ने सोमवार को ही तीन युवकों को हिरासत में ले लिया था। मंगलवार को बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही थीं, तभी यह एनकाउंटर हो गया। नाबालिग से जुड़ा संवेदनशील मामला होने के कारण पुलिस काफी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम, वायरल वीडियो और मुठभेड़ के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना में शामिल बाकी फरार लोगों को भी जल्द पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इसे भी पढ़ें : ट्रेनिंग मानदेय पर बिपार्ड का दो टूक जवाब- पाई-पाई का रिकॉर्ड मौजूद, फैलाई जा रही भ्रामक खबर


