अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 28 सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, इन चुनावों के लिए 29 सितंबर 2026 को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी।
The Election Commission announces a biennial election in Bihar, Karnataka, Maharashtra, and Uttar Pradesh from Graduates’ and Teachers’ Constituencies.
Date of polling: October 23
Date of counting of votes: October 27 https://t.co/mfTovPT0Ry— ANI (@ANI) September 22, 2026
बिहार में 8, यूपी में 11 सीटें होंगी खाली
इन चुनावों की जरूरत इसलिए पड़ी है क्योंकि संबंधित विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने वाला है। आयोग के मुताबिक बिहार में विधान परिषद की 8 सीटें 16 नवंबर को खाली हो जाएंगी। कर्नाटक में 4 सीटों का कार्यकाल 11 नवंबर को खत्म होगा।महाराष्ट्र में विधान परिषद की 5 सीटें 6 दिसंबर को खाली होंगी। वहीं उत्तर प्रदेश में 11 सीटों के सदस्य भी 6 दिसंबर को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। इन सीटों को भरने के लिए आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया है।
महाराष्ट्र और कर्नाटक में इन सीटों पर होगा चुनाव
महाराष्ट्र में औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव होगा। इसके अलावा अमरावती टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र और पुणे टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र भी चुनाव कार्यक्रम में शामिल हैं। कर्नाटक में कर्नाटक दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, कर्नाटक पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, कर्नाटक उत्तर-पूर्व टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र और बंगलूरू टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र में मतदान कराया जाएगा।
यूपी की 11 सीटों पर भी होगा चुनाव
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 सीटों के लिए चुनाव होना है। इनमें लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र, आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी चुनाव होगा। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही इन सभी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक इन क्षेत्रों में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को आयोग के निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
इसे भी पढ़ें : पांडेय गिरोह के कुख्यात विकास तिवारी पर सीसीए, जेल से बाहर आने के रास्ते बंद


