अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Madhepura : सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर भौकाल बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। मधेपुरा जिले के भर्राही थाना इलाके में सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाले दो युवकों को पुलिस ने धर दबोचा है। नौ अक्टूबर को भर्राही थानेदार के सरकारी मोबाइल पर एक वीडियो पहुंचा था, जिसमें तीन लड़के हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और एसपी डॉ संदीप सिंह के निर्देश पर सदर एसडीपीओ परवेन्द्र भारती की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में भर्राही थानेदार प्रशांत कुमार, एसआई इन्द्र कुमार के साथ पुलिस बल, तकनीकी सेल और SWAT टीम को शामिल किया गया।
ग्रामीणों और चौकीदार की मदद से हुई पहचान
पुलिस टीम ने जब स्थानीय ग्रामीणों और चौकीदारों के जरिए वीडियो की जांच कराई, तो तीनों लड़कों की पहचान साफ हो गई। वीडियो में एक लड़के के हाथ में देसी कट्टा और दूसरे के हाथ में लोहे की उजले रंग की रॉड थी, जबकि तीसरा उनके साथ चल रहा था। इनमें से कट्टा लिए लड़के की पहचान तुरकाही वार्ड आठ निवासी 19 वर्षीय प्रियांशु राज के रूप में हुई। वहीं रॉड लिए दूसरे युवक की पहचान महेशुआ वार्ड दस निवासी 21 वर्षीय केशव कुमार के तौर पर की गई। तीसरे युवक की पहचान सकरपुरा निवासी 21 वर्षीय अंकेश कुमार के रूप में हुई।
इंस्टाग्राम आईडी पर डाला था वीडियो, मोबाइल भी जब्त
पहचान पक्की होते ही पुलिस ने सबसे पहले प्रियांशु राज को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने काले रंग के पोको मोबाइल से यह वीडियो बनाया था और अपनी इंस्टाग्राम आईडी call_me_prince_x302 पर अपलोड कर दिया था। पुलिस ने तुरंत उस मोबाइल को जब्त कर लिया। इसके बाद प्रियांशु की निशानदेही पर पुलिस ने महेशुआ में छापेमारी कर केशव कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। भर्राही थाने में इस मामले को लेकर आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
इसे भी पढ़ें : घर की चारदीवारी से निकल बनेंगी बॉस, बिहार की बेटियों के स्टार्टअप को सम्राट सरकार का सहारा


