अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले के तमाम पुलिस अफसरों और थानेदारों के साथ हुई समीक्षा बैठक में एसएसपी ने दो टूक कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों को साफ ताकीद की है कि वे पंडालों में सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करें। एसएसपी ने अपने मातहत अधिकारियों को भी जमीन पर उतरकर मुस्तैदी दिखाने और पूजा समितियों के साथ लगातार तालमेल बनाकर हर स्थिति पर नजर रखने का फरमान सुनाया है।
पंडालों में लगे 24 घंटे चालू सीसीटीवी, स्क्रीन पर लगातार रहे नजर
एसएसपी राकेश रंजन ने सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आयोजक कैमरों में सिर्फ रिकॉर्डिंग तक सीमित न रहें, बल्कि पंडाल परिसर में ही मॉनिटर की व्यवस्था करें। इस स्क्रीन पर 24 घंटे किसी न किसी जिम्मेदार व्यक्ति की ड्यूटी रहे, ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस सामान दिखे तो फौरन उस पर एक्शन लिया जा सके। इसके अलावा आग से बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में चालू हालत वाले अग्निशामक यंत्र, पानी, बालू और आवश्यकता पड़ने पर पानी के टैंकरों का बंदोबस्त करने को कहा गया है। बिजली और भवन निर्माण विभाग की एनओसी, अलग-अलग एंट्री-एग्जिट गेट, भरपूर रोशनी, जनरेटर और महिला-पुरुष वॉलंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी स्थानीय थानेदारों और डीएसपी को सौंपी गई है।
ऊंचे वॉच टावर से निगरानी, शोहदों पर नकेल कसेंगी शक्ति कमांडो
एसएसपी ने भीड़ नियंत्रण की रणनीति समझाते हुए कहा कि प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वॉच टावर खड़े किए जाएं, ताकि पुलिस के जवान ऊंचाई से पूरी भीड़ की हलचल देख सकें। प्रमुख मार्गों और पंडालों के पास क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और पुलिस के बाइक दस्ते लगातार गश्त करेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने खास संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि बड़े पंडालों में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए शक्ति कमांडो की विशेष तैनाती की जाएगी। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि मनचलों और शोहदों को तुरंत दबोचा जा सके।
छिनतई और चोरी पर रोक के लिए सघन चेकिंग, उपद्रवियों पर कानूनी शिकंजा
त्योहार के दौरान मोबाइल, चेन और पर्स छिनतई के साथ-साथ बाइक चोरी की वारदातों को रोकने के लिए एसएसपी ने तुरंत प्रभाव से एंटी-क्राइम चेकिंग शुरू करने का आदेश दिया है। पुराने अपराधियों, जेल से छूटे बदमाशों और गिरोहों की वर्तमान गतिविधियों की पड़ताल करने को कहा गया है। एसएसपी ने साफ किया कि शहर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा रखने वाले या माहौल खराब करने वाले किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 सहित अन्य कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
विसर्जन रूट का भौतिक सत्यापन, जाम से निपटने के लिए डायवर्जन प्लान
विसर्जन को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने निर्देश दिया कि जुलूस के पूरे रास्ते की पहले से भौतिक जांच कर ली जाए। कहीं संकरी सड़क, गड्ढे या बिजली के लटकते तार जैसी बाधाएं हैं, तो उन्हें समय रहते ठीक कराया जाए। दुर्घटना संभावित जगहों पर बैरिकेडिंग रहेगी। विसर्जन के दिन शहर में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर रूट डायवर्जन की योजना बनाई जाएगी और आम लोगों को मीडिया के जरिए वैकल्पिक मार्गों की पूरी जानकारी दी जाएगी। विसर्जन घाटों पर अनहोनी से निपटने के लिए स्थानीय गोताखोरों की सूची और फोन नंबर थानों में तैयार रखने तथा दमकल गाड़ियों को स्टैंडबाय पर रखने का आदेश दिया गया है।
डांडिया और गरबा आयोजक पहले दें सूचना, रावण दहन पर भी नियम तय
शहर में होने वाले गरबा, डांडिया नाइट्स और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर एसएसपी ने निर्देश दिया कि आयोजक पहले से ही संबंधित थाने और ट्रैफिक पुलिस को लिखित सूचना दें। इससे भीड़ के आकलन के हिसाब से सुरक्षा और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जा सकेगी। रावण दहन और विसर्जन जुलूस के दौरान भी आयोजकों को तय सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन करना होगा। लापरवाही सामने आने पर आयोजकों की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसएसपी की शहरवासियों से अपील- त्योहार का आनंद लें, अफवाहों से दूर रहें
एसएसपी राकेश रंजन ने रांची की जनता से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा का त्योहार पूरे उत्साह, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। सड़कों पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर भरोसा न करें। एसएसपी ने कहा कि पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या अनजान वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पास के पुलिसकर्मी या डायल 112 पर सूचना दें।
इसे भी पढ़ें : बिहार से आकर रांची में बेच रहे थे ‘धीमी मौत’ का सामान, 4000 पुड़िया के साथ चार धराये


