अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी में नशे का जाल फैलाने वाले धंधेबाजों पर रांची पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। धुर्वा थाना क्षेत्र में सीएनजी पेट्रोल पंप और स्मार्ट सिटी के नजदीक पुलिस ने घेराबंदी करके चार युवकों को रंगे हाथ दबोच लिया। इनके पास से 4000 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसका कुल वजन करीब 339 ग्राम आंका गया है। इसके अलावा तस्करों के पास से चार मोबाइल फोन, 9100 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर बनी टीम, भाग रहे लड़कों को खदेड़कर पकड़ा
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि रांची एसएसपी राकेश रंजन को 11 अक्टूबर को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू तिवारी और संदीप उर्फ मामा नाम के शख्स स्मार्ट सिटी इलाके में ब्राउन शुगर का बड़ा सौदा करने वाले हैं। खबर मिलते ही रांची एसएसपी राकेश रंजन ने हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पांच-छह लड़के संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। खाकी वर्दी देखते ही वे भागने लगे। जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए पीछा किया और चार लड़कों को मौके पर ही धर दबोचा, जबकि उनके बाकी साथी भागने में सफल रहे।
सिवान के रहने वाले हैं तीन आरोपी, अंकित का पुराना क्राइम रिकॉर्ड
पकड़े गए आरोपियों में अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा और अंकित तिवारी शामिल हैं। ये तीनों मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के अरुवां गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल जगन्नाथपुर के एकता नगर में रह रहे थे। चौथा आरोपी रितिक राज उर्फ विभु धुर्वा के सिठियो रोड पटेल कॉलोनी का निवासी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अंकित तिवारी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर पहले से तिलैया, डोरंडा और पुंदाग ओपी में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।
धुर्वा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, सप्लायरों की तलाश
इस पूरे मामले में धुर्वा थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड दर्ज किया गया है। सिटी एसपी परस राणा का कहना है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और शहर में किसे बेची जानी थी, इसका पता लगाया जा रहा है। इस कार्रवाई में डीएसपी नीरज कुमार के साथ धुर्वा थानेदार अनिल कुमार तिवारी, सब इंस्पेक्टर लव कुमार, चंद्रशेखर कुमार सिंह और तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार शामिल रहे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इसे भी पढ़ें : लातेहार का मुकेश चतरा में करने वाला था बड़ा कांड, कट्टा और 60 गोलियां के साथ धराया


