अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी के धुर्वा डैम में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 25 वर्षीय युवती रानी कुमारी की पानी में डूबने से जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और NDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। गहरे पानी में घंटों चली कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर बाद युवती का शव बाहर निकाला जा सका। मृतका धुर्वा के जगन्नाथपुर खटाल की रहने वाली थी। रविवार सुबह पुलिस को जानकारी मिली कि एक युवती धुर्वा डैम के पानी में गिर गई है। सूचना मिलते ही नगड़ी थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पानी काफी गहरा होने के कारण स्थानीय स्तर पर बचाव संभव नहीं दिख रहा था, जिसके बाद तत्काल एनडीआरएफ को बुलाया गया। कुछ ही देर में बचाव दल ने वहां पहुंचकर मोर्चा संभाला। इस दौरान डैम के आसपास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
गहरे पानी में गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
एनडीआरएफ के डीप डाइवर्स की विशेष टीम बोट और लाइफ जैकेट के साथ पानी में उतरी। डैम की गहराई और फैलाव अधिक होने की वजह से शव को तलाशने में काफी समय लगा। गोताखोरों ने पानी के भीतर लगातार कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार रविवार दोपहर बाद टीम ने गहरे पानी से रानी कुमारी के शव को बाहर निकाल लिया। एनडीआरएफ की ओर से जारी बयान में बताया गया कि लंबी मशक्कत के बाद शव को पानी से रिकवर किया गया।
रिम्स भेजा गया शव, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि युवती के साथ कोई हादसा हुआ या फिर उसने आत्महत्या की नीयत से छलांग लगाई थी। युवती किन परिस्थितियों में घर से निकलकर डैम तक पहुंची, पुलिस इसकी कड़ियां जोड़ने में जुटी है। परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
इसे भी पढ़ें : क्वार्टर में घुस पत्नी के बांधे हाथ, मुंह पर साटा टेप; फिर काट डाला सीसीएलकर्मी पति को


