अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र में एक रूह कंपाने वाली वारदात सामने आई है। जिस भाई के साथ बचपन बीता और सुख-दुख साझा किया, उसी सगे भाई ने जमीन के विवाद में अपने ही छोटे भाई की जान ले ली। यह खौफनाक घटना करमा दक्षिणी पंचायत के उच्चकाहा गांव की है। इल्जाम है कि रविवार सुबह करीब सात बजे जमीन के लफड़े को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना जबर्दस्त था कि छोटे भाई की गर्दन कटकर धड़ से अलग हो गई और उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया।
तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ लफड़ा, चंद पलों में बन गया खूनी संघर्ष
रविवार की सुबह उच्चकाहा गांव में सब कुछ नॉर्मल था, लेकिन सुबह सात बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि बड़े भाई लखन महतो (55 वर्ष) के सिर पर खून सवार हो गया। गुस्से में आकर लखन ने घर में रखा फरसा उठाया और छोटे भाई काजरु महतो (50 वर्ष) पर सीधा वार कर दिया। फरसे के हमले से काजरु का सिर कटकर अलग गिर पड़ा। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घर के आंगन में खून से लथपथ शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार मच गई। रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जमीन के साथ नौकरी में अड़ंगे को लेकर चल रही थी पुरानी रंजिश
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच जमीन के मसले को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। इसके अलावा नौकरी में डिस्टर्ब करने और रुकावट डालने को लेकर भी दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गांव के लोगों को कभी अंदाजा नहीं था कि यह पारिवारिक मनमुटाव इतना भयावह रूप ले लेगा। घटना की खबर आग की तरह फैलते ही उच्चकाहा गांव में सन्नाटा पसर गया और मौके पर लोगों का हुजूम जमा हो गया। काजरु की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव के लोग इस अमानवीय कृत्य की निंदा कर रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी भाई को दबोचा, हत्या में इस्तेमाल फरसा भी जब्त
घटना की जानकारी मिलते ही कुज्जू पुलिस बिना देर किए मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन महतो को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया फरसा भी बरामद कर जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया। कुज्जू पुलिस के अनुसार जमीन और नौकरी से जुड़े विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या के असल कारणों की तह तक जाने के लिए मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : धुर्वा डैम में मिली 25 साल की लड़की की ला’श, ह’त्या या हादसा… तफ्तीश शुरू


