अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : प्रसिद्ध योग गुरु स्वामी रामदेव झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के रामगढ़ जिले स्थित पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। वे मुख्यमंत्री की पूजनीय माता स्वर्गीय रूपी सोरेन की स्मृति में आयोजित संस्कार भोज में शामिल होने विशेष रूप से यहां आए थे। गांव पहुंचकर स्वामी रामदेव ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया।
सीएम और परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद स्वामी रामदेव ने सीएम हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात की। मां के चले जाने से शोकाकुल परिवार के बीच बैठकर उन्होंने मुख्यमंत्री को सांत्वना दी और अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। योग गुरु ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और पूरे परिवार को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। संस्कार भोज के दौरान माहौल पूरी तरह सादगी और आत्मीयता से भरा रहा। दुख की इस घड़ी में गांव पहुंचकर संबल देने और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के सदस्यों ने स्वामी रामदेव के प्रति आभार जताया।

संस्कार भोज में उमड़े लोग
नेमरा गांव में आयोजित इस संस्कार भोज में परिजनों और संबंधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और ग्रामीण भी मौजूद रहे। स्वामी रामदेव के पहुंचने पर लोगों ने उनका अभिवादन किया। योग गुरु ने कुछ समय वहां बिताया, परिजनों से बातचीत की और शांति पाठ के साथ दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।


इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने रीति-रिवाज से पूरी कीं मां के दशकर्म की रस्में, शामिल हुआ पूरा गांव


