अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर RMC यानी रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शहर के सभी प्रमुख तालाबों, डैम और छठ घाटों पर सफाई अभियान तेज कर दिया गया है ताकि समय रहते व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा सकें। नगर आयुक्त ने मातहत अधिकारियों और सफाई कर्मियों को दो टूक हिदायत दी है कि छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा में रत्ती भर भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तय समय के भीतर सभी घाटों को चकाचक करने का अल्टीमेटम दिया है।
गहरे पानी में लाल फीते से घेराबंदी, लगेंगे खतरे के बोर्ड
घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने विशेष एहतियात बरतने को कहा है। जिन तालाबों और घाटों पर जलस्तर अधिक है या जहां गहराई अचानक बढ़ जाती है, वहां लाल फीता बांधकर स्पष्ट घेराबंदी की जाएगी। साथ ही किनारे पर बड़े अक्षरों में चेतावनी और खतरे के निशान वाले बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि अर्घ्य देने के दौरान कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी की तरफ न जाए और किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
घाटों तक जाने वाले रास्तों पर दुरुस्त होंगी सभी स्ट्रीट लाइटें
शाम और सुबह के अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि तालाबों, घाटों और उन तक पहुंचने वाले तमाम संपर्क रास्तों पर लगी खराब स्ट्रीट लाइटों को तुरंत बदला या ठीक किया जाए। इसके अलावा घाट परिसर के साथ-साथ आसपास के पूरे मोहल्ले में नियमित कचरा उठाव और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की जिम्मेदारी तय की गई है।
लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज, रोजाना होगी मॉनिटरिंग
निगम का पूरा जोर इस बात पर है कि छठ व्रतियों को साफ पानी और स्वच्छ माहौल मिले। इसके लिए जोनल अफसरों को रोजाना मौके पर जाकर सफाई कार्यों की सीधी निगरानी करने का जिम्मा सौंपा गया है। काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। निगम प्रशासन का कहना है कि समय सीमा खत्म होने से पहले सभी घाटों को पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा ताकि महापर्व के दौरान शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़ें : नियमों को ताख पर रखने वाले कोचिंग संस्थानों पर चलेगा RMC का हंटर, नगर आयुक्त हुए सख्त



