अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को इतिहास रच गया। देश के अब तक के सबसे बड़े ₹30,213 करोड़ के जियो प्लेटफॉर्म्स IPO को निवेशकों ने हाथोंहाथ लिया। पहले ही दिन यह इश्यू 3.16 गुना सब्सक्राइब हो गया। बाजार खुलते ही बोलियों की ऐसी बाढ़ आई कि शाम तक करीब 30.5 लाख आवेदन आ चुके थे। एंकर निवेशकों को छोड़ दें, तो आम निवेशकों की ओर से करीब ₹69,745 करोड़ की बोलियां लगाई गईं। अगर एंकर निवेशकों के ₹2.50 लाख करोड़ को भी जोड़ लें, तो इस IPO को अब तक कुल ₹3.20 लाख करोड़ का समर्थन मिल चुका है।
बड़े निवेशकों में मची होड़, रिटेल से भी रिकॉर्ड पैसा बरसा
इस IPO में सबसे ज्यादा आक्रामकता बड़े संस्थागत निवेशकों यानी QIB ने दिखाई। पहले दिन शाम तक यह कैटेगरी 9.42 गुना भर गई। वहीं आम लोगों यानी रिटेल निवेशकों का कोटा भी 73 फीसदी भर चुका है। रिटेल कैटेगरी में पहले ही दिन करीब ₹6,908 करोड़ की बोलियां आईं, जो भारतीय शेयर बाजार में किसी भी IPO के पहले दिन का नया रिकॉर्ड है। इसके अलावा गैर संस्थागत निवेशकों (NII) का हिस्सा 1.68 गुना सब्सक्राइब हुआ। कर्मचारियों के लिए तय कोटा 1.36 गुना और रिलायंस शेयरहोल्डर्स का कोटा 1.46 गुना भरा। कर्मचारियों के लिए ₹500 करोड़ और रिलायंस के शेयरहोल्डर्स के लिए ₹2,500 करोड़ के शेयर सुरक्षित रखे गए हैं।
हुंडई के पूरे इश्यू को पछाड़ा, 2026 के सभी बड़े IPO छूटे पीछे
जियो ने पहले ही दिन ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर इंडिया के पूरे तीन दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले देश का सबसे बड़ा IPO हुंडई का था, जिसे अक्टूबर 2024 में पहले दिन सिर्फ 18 फीसदी और पूरे समय में कुल 2.37 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। साल 2026 के बाकी बड़े IPO से तुलना करें तो भी जियो की रफ्तार सबसे अलग दिखी। इस साल आए तीन बड़े IPO में एनएसई को पहले दिन 42 फीसदी, एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट को 68 फीसदी और मणिपाल हेल्थ को सिर्फ 15 फीसदी बोलियां मिली थीं। इनमें से कोई भी पहले दिन पूरा नहीं भर पाया था, जबकि जियो ने 316 फीसदी का आंकड़ा छू लिया।
निवेशकों के पास अभी दो दिन और बाकी
जियो IPO पर दांव लगाने के लिए निवेशकों के पास अभी दो दिन का समय बचा हुआ है। यह इश्यू 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा। पहले ही दिन जिस तरह का रुझान दिखा है, उससे जानकारों का मानना है कि आने वाले दो दिनों में बोलियों का आंकड़ा और तेजी से बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ें : 2030 में दुनिया के साथ भारत में 6G, जियो ने दिखाया गीगा मीमो रेडियो



