अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना सिटी में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक चली गोली ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। खाजेकलां थाना क्षेत्र के पश्चिम दरवाजा के पास उपद्रवियों ने 15 साल के कुंदन कुमार को गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग खून से लथपथ कुंदन को तुरंत गुरु गोविंद सिंह अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कमेटी विवाद में चली गोली, ऑर्केस्ट्रा वाहन पर भी बवाल
शुरुआती जांच में मामला पूजा कमेटियों के बीच आपसी विवाद का लग रहा है। गोली चलने के बाद जुलूस में शामिल लोग उग्र हो गए और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने विसर्जन के साथ चल रही ऑर्केस्ट्रा ट्रॉली में तोड़फोड़ कर दी। हंगामे और भगदड़ के चलते विसर्जन का काम बीच रास्ते में ही ठप हो गया। हालांकि पुलिस प्रशासन ने ऑर्केस्ट्रा ट्रॉली में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की बात से इनकार किया है और इसे मामूली झड़प बताया है।
डीएसपी ने खुद संभाला स्टीयरिंग, सड़क से हटाया वाहन
माहौल बिगड़ता देख मौके पर पहुंचे पटना सिटी डीएसपी शिव शंकर कुमार ने खुद मोर्चा संभाला। विसर्जन का रास्ता साफ करने और जाम खुलवाने के लिए डीएसपी ने खुद ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट संभाली और वाहन को चलाकर सड़क किनारे लगवाया। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और रुके हुए मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए इलाके में शांति व्यवस्था बहाल कर दी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में किसी पूजा कमेटी के सदस्य द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस पीड़ित परिवार और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि गोली चलाने वालों की पहचान हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और फिलहाल क्षेत्र में पूरी तरह शांति है।
इसे भी पढ़ें : राजधानी के इन नामचीन फूड आउटलेट्स पर छापा, सड़ा पनीर और कीड़े रेंगते ब्रेड मिले



