अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित घोसखोडीह में सोमवार को जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फल खरीदने बाजार जा रहे 32 वर्षीय दौलतराम महतो की दिनदहाड़े धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फौरन दबिश दी और वारदात के महज छह घंटे के भीतर मुख्य आरोपी चाचा त्रिवेणी प्रसाद महतो और उसके बेटे सूर्यकांत महतो को बरियापुर से धर दबोचा। मुख्य आरोपी त्रिवेणी प्रसाद महतो राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर बताए जा रहे हैं।
फल खरीदने जा रहे युवक को रास्ते में घेरा
घोसखोडीह निवासी दौलतराम महतो सोमवार को अपनी बाइक से फल खरीदने के लिए बाजार की ओर निकले थे। इसी दौरान निचितपुर जाने वाली सड़क पर घात लगाए हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। जब तक दौलतराम कुछ समझ पाते, हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया और बेरहमी से उनका गला रेत दिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण दौलतराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, समझाने पर उठा शव
सड़क पर युवक का शव देखकर आसपास के लोग सन्न रह गए और खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर भारी हंगामा शुरू कर दिया। लोग आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ही लोग शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
परिवार के पांच लोगों पर केस, पुलिस कर रही पूछताछ
मृतक के भाई साहेब राम महतो ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि जमीन विवाद को लेकर घर में पहले से तनाव चल रहा था और दौलतराम को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। भाई की शिकायत पर पुलिस ने त्रिवेणी प्रसाद महतो, उनके बेटे सूर्यकांत, सचिन महतो, सरयू महतो और भगिया देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार पिता-पुत्र से कड़ी पूछताछ की जा रही है और बाकी नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इसे भी पढ़ें : नशे के सौदागर पर पुलिस का शिकंजा, पुराना धंधेबाज माल के साथ धराया



