अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव रंजन प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी इस समय राज्य के सबसे भ्रमित नेता साबित हो रहे हैं और उन्हें कांग्रेस पर उंगली उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। प्रसाद ने साफ किया कि जनता से मताधिकार छीनने की कोशिश लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी इसी अन्याय के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, जबकि भाजपा इसे अराजकता बताकर जनता को गुमराह करने में जुटी है।
संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग पर उठाए सवाल
कांग्रेस महासचिव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बात अब पूरी तरह खुलकर सामने आ चुकी है कि एक संवैधानिक संस्था एक खास दल को सियासी फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही है। मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने के मामले बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने जिन संवैधानिक संस्थाओं की नींव रखी, भाजपा आज उन्हें अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए हथियार बना रही है। सबसे अजीब बात यह है कि जब कांग्रेस चुनाव आयोग से सवाल पूछती है, तो जवाब मुख्य चुनाव आयुक्त के बजाय भाजपा और उसके नेता देने लगते हैं।
शांतिपूर्ण विरोध को घुसपैठियों से जोड़ना ध्यान भटकाने की चाल
राजीव रंजन प्रसाद ने संविधान का हवाला देते हुए याद दिलाया कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों से असहमति जताना और शांतिपूर्ण सभा करना नागरिकों का मौलिक अधिकार है। संविधान का अनुच्छेद 19 नागरिकों को अभिव्यक्ति और शांतिपूर्ण विरोध की पूरी आजादी देता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बहस के स्तर को गिराना और भाषाई मर्यादा तोड़ना भाजपा की पुरानी आदत रही है। जब जनता के सवालों पर भाजपा घिरने लगती है, तब वह विपक्ष पर उलजुलूल आरोप लगाकर असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करती है।
1 नवंबर की रैली बनेगी ऐतिहासिक मोड़
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के आंदोलन को घुसपैठियों से जोड़ना पूरी तरह बेबुनियाद और गंदी राजनीति का हिस्सा है। वोटर लिस्ट से लाखों असली मतदाताओं के नाम गायब होना बेहद गंभीर मामला है और इस पर आयोग से जवाब मांगना विपक्ष का लोकतांत्रिक हक है। कांग्रेस उन सभी नागरिकों के हक के लिए खड़ी है जिनके नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि 1 नवंबर को होने वाली प्रस्तावित रैली देश के राजनीतिक इतिहास में एक बड़ा मोड़ साबित होगी और सत्ता पक्ष को जनता की ताकत का अहसास कराएगी।
इसे भी पढ़ें : रांची में पुलिस और कुख्यात राहुल सिंह के गुर्गों के बीच एनकाउंटर, एक को लगी गोली



