अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर रांची समेत पूरे राज्य में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। 28 से 30 अक्टूबर के दौरान जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम केंद्र ने रांची को ऑरेंज जोन में रखा है, जिसके बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत 28 और 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
केजी से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित, परीक्षाओं पर स्कूल खुद लेंगे फैसला
प्रशासन के आदेश के मुताबिक रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी स्कूलों में केजी से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई दो दिनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगी। जिन निजी स्कूलों में पहले से परीक्षाएं तय हैं, उन्हें लेकर राहत दी गई है। स्कूल प्रबंधन हालात को देखते हुए परीक्षा कराने या टालने पर खुद फैसला ले सकता है। हालांकि, अगर कोई स्कूल परीक्षा आयोजित करता है, तो उसे इसकी लिखित जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) या जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) कार्यालय को तुरंत देनी होगी।
शिक्षकों को आना होगा स्कूल, ई-विद्यावाहिनी पर बनेगी हाजिरी
छात्रों के लिए पठन-पाठन स्थगित रहेगा, लेकिन शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मियों को राहत नहीं मिली है। आदेश में साफ किया गया है कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को तय समय पर स्कूल पहुंचना होगा। शिक्षक वहां उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक और प्रशासनिक कामकाज संभालेंगे। साथ ही, शिक्षकों को अपनी दैनिक उपस्थिति हमेशा की तरह ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर ही दर्ज करनी होगी।
खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने खराब मौसम और चक्रवात के खतरे को देखते हुए सभी अभिभावकों, शिक्षकों और बच्चों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर न निकलें, जलजमाव वाले रास्तों और कमजोर पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहें। साथ ही मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों पर नजर बनाए रखें।
इसे भी पढ़ें : रांची में पुलिस और कुख्यात राहुल सिंह के गुर्गों के बीच एनकाउंटर, एक को लगी गोली



