अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : त्योहारों के मौसम में अगर आप भी बाजार से मिठाई, समोसा या खोवा खरीदने की सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। पटना और इसके आस-पास के इलाकों में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का हंटर चला है। विभाग की टीमों ने मंगलवार को जिले के आधा दर्जन बड़े प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी गंदगी, बासी सामान और बिना नियम-कायदे के चल रहीं दुकानों की कलई खुल गई। धनरुआ के आकाश स्वीट्स से 20 क्विंटल से ज्यादा मिलावटी मिठाई बरामद कर उसे नष्ट कराया गया, वहीं अगमकुआं स्थित माखन भोग की वर्कशॉप और आकाश स्वीट्स का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
धनरुआ में 20 क्विंटल से अधिक बासी और घटिया मिठाई जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई धनरुआ प्रखंड के देवराह टोला हवलदारचक स्थित आकाश स्वीट्स पर हुई। जांच टीम जब कारखाने के अंदर दाखिल हुई तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। मिठाइयों के रखरखाव में घोर लापरवाही बरती जा रही थी और चारों तरफ गंदगी पसरी थी। टीम ने मौके से बेसन लड्डू, मिल्क केक और खोवा समेत कुल 2060 किलो मिठाई जब्त की, जिसकी बाजार में कीमत करीब 3 लाख 67 हजार 600 रुपये आंकी गई है। पकड़ी गई सभी मिठाइयों को वहीं नष्ट करवा दिया गया।
जांच में सामने आया कि मिठाइयों के डिब्बों पर न तो निर्माण की तारीख थी, न एक्सपायरी डेट और न ही कोई बैच नंबर लिखा था। इसके अलावा दुकान के पास पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल के कागज और कारीगरों के मेडिकल सर्टिफिकेट तक नहीं मिले। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दुकान को 7 दिनों के लिए सील करने का फरमान सुनाया और लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।
माखन भोग वर्कशॉप में सड़ी-गली हालत में मिली सामग्री, 180 किलो गोंद जब्त
अगमकुआं के बीएच कॉलोनी स्थित मशहूर प्रतिष्ठान माखन भोग की वर्कशॉप में भी भारी अस्वच्छता पाई गई। यहां गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। अधिकारियों ने मौके से 180 किलोग्राम संदिग्ध गोंद जब्त किया। इसके साथ ही पेड़ा, डोडा बर्फी, मिल्क केक, खुला दूध, प्रीमियम हलवा, कच्चा खोवा, बेसन, रिफाइंड तेल और चीनी जैसी तमाम सामग्रियों को असुरक्षित मानते हुए तुरंत फिंकवा दिया गया। इस वर्कशॉप का लाइसेंस भी मौके पर ही सस्पेंड कर दिया गया और खोवा, लड्डू व गोंद के सैंपल सील कर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं।
बाजार समिति के बंशी लाल रेस्टोरेंट में बासी इडली, समोसे का पुराना आलू नष्ट
बाजार समिति मेन गेट के पास स्थित बंशी लाल रेस्टोरेंट में जब टीम पहुंची तो वहां की रसोई में बासी खाना परोसे जाने का खुलासा हुआ। टीम ने वहां रखे 3 किलो समोसे का पुराना आलू, 50 पीस बासी इडली-वड़ा, खराब हो चुकी चटनी और सॉस को नाले में फेंकवा दिया। रेस्टोरेंट में कच्चे और पक्के सामान को एक साथ सड़ांध मारती जगह पर रखा गया था। कचरा निस्तारण और साफ-सफाई के नियमों की अनदेखी पर रेस्टोरेंट संचालक को फटकार लगाई गई और अरहर दाल का सैंपल जांच के लिए लिया गया।
कंकड़बाग की कन्हैया डेयरी में कागजात गायब, जांच के लिए भेजे सैंपल
कंकड़बाग के भागवत नगर स्थित कन्हैया डेयरी की जांच के दौरान भी भारी लापरवाही उजागर हुई। दुकान पर पेस्ट कंट्रोल के दस्तावेज, कर्मचारियों का हेल्थ सर्टिफिकेट और अनिवार्य FoSTaC ट्रेनिंग से जुड़े कोई भी कागजात नहीं मिले। टीम ने यहां से बिकने वाले पनीर, खोवा और बेसन के लड्डू के नमूने सील किए हैं, जिन्हें लैब टेस्ट के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संचालक पर आगे का कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
पटना जंक्शन पर शक्ति स्वीट्स और प्रसाद केंद्र को 14 दिनों की मोहलत
पटना जंक्शन और महावीर मंदिर के पास स्थित शक्ति स्वीट्स और प्रसाद केंद्र मिठाई दुकान में भी नियमों की धज्जियां उड़ती मिली। यहां मिठाई बनाने और बेचने वाले कारीगर बिना मास्क, ग्लव्स और एप्रन के ही काम कर रहे थे। किसी भी कर्मचारी का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र नहीं बना था। साथ ही पहले बने सामान को पहले बेचने के जरूरी नियमों का भी पालन नहीं हो रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों दुकानों को कमियां दुरुस्त करने के लिए 14 दिनों का कड़ा सुधार नोटिस थमा दिया है। यदि तय समय में सुधार नहीं दिखा तो इन दुकानों पर भी ताला लटक सकता है।
इसे भी पढ़ें : पटना में ही रहेगा GFCC का मुख्यालय, डिप्टी सीएम की पुरजोर मांग पर केंद्र ने दिया निर्देश



