अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद को लेकर बीती रात एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात टिको गांव में स्थित एक डेयरी फार्म में हुई। मृतक की पहचान सेवाड़ी गांव के रहने वाले राम उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में फौरी कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी तीन की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
डेयरी मालिक से पूछा- राम आया क्या, फिर पहुंचते ही मार दी गोली
पुलिस जांच में सामने आया है कि राम उरांव का ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के एडरा गांव निवासी कारु सिंह के साथ पिछले कई सालों से जमीन का विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में गुरुवार की रात कारु सिंह हथियार लेकर टिको गांव में बालचंद महतो के डेयरी फार्म पर पहुंचा। उसने सबसे पहले डेयरी संचालक से पूछा कि क्या राम उरांव यहां आया है। इसके कुछ ही देर बाद जैसे ही राम उरांव वहां पहुंचे, कारु सिंह ने उन पर सीधे गोली चला दी। गोली लगते ही राम उरांव वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपी तुरंत पश्चिम दिशा की तरफ भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपियों ने कबूला जुर्म, बाकी तीन की तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलते ही मांडर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने फौरन पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने जमीन विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने और अन्य आरोपियों की सही भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
इलाके में तनाव का माहौल, पुलिस बल की तैनाती
वारदात के बाद से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग घटना की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फरार चल रहे बाकी तीनों आरोपियों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इसे भी पढ़ें : इधर गुमला पुलिस ने AK-56 के साथ एक को दबोचा, उधर राहुल सिंह का धमकी भरा पोस्ट हुआ वायरल



