अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध और ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर में शनिवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने परिसर में मौजूद मां पार्वती मंदिर को अपना निशाना बनाया और वहां से मां का चांदी का मुकुट समेत कई अन्य कीमती सामान चुराकर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब इस वारदात की खबर इलाके में फैली, तो स्थानीय श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
मंदिर के पुजारी मृत्युंजय मिश्रा जब रविवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब मुख्य दरवाजे और गर्भगृह का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मां पार्वती का मुकुट गायब था और आसपास का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी आसपास के लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर पूरे इलाके की आस्था का बड़ा केंद्र है और यहां इस तरह की चोरी होना बेहद चिंता की बात है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों को तुरंत जेल भेजा जाए और चोरी हुआ सारा सामान बरामद किया जाए।
सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना पुलिस की टीम मंदिर परिसर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं, जिनके आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के इस थाने में रे’प, आरोपी सिपाही गिरफ्तार; थानेदार समेत 4 सस्पेंड



