अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र में स्थित तापिन साउथ सीसीएल परियोजना से बदमाशों ने एक आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर का अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग पुलिस हरकत में आई और तुरंत एक स्पेशल टीम बनाकर चंद घंटों के अंदर अपहृत मैनेजर को सही सलामत छुड़ा लिया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए वारदात में शामिल 5 किडनैपर्स को धर दबोचा और उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां भी जब्त कर ली हैं।
तीन गाड़ियों से आए थे बदमाश, जबरन बैठाकर भागे
मामला तापिन साउथ सीसीएल परियोजना का है, जहां एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी में 35 साल के भास्कर कुमार मैनेजर के पद पर काम करते हैं। भास्कर मूल रूप से धनबाद के रहने वाले हैं। शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे तीन गाड़ियों में सवार होकर बदमाश कंपनी के पास पहुंचे। चश्मदीदों के मुताबिक बदमाशों के पास एक काले रंग की क्रेटा और दो काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियां थीं। उन्होंने मैनेजर को जबरन गाड़ी में खींचा, अंदर बैठाया और तेजी से वहां से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को दी गई।
पुलिस की नाकेबंदी और तकनीकी जांच से खुला राज
एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) और विष्णुगढ़ के एसडीपीओ की अगुवाई में एक टीम बनाई। इसमें चरही, मुफस्सिल और आंगो थाना के प्रभारियों के साथ तकनीकी सेल और भारी पुलिस बल को शामिल किया गया। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ और तकनीकी इनपुट से पता चला कि इस पूरी साजिश के पीछे चौपारण के भटबिघा का रहने वाला राजेश यादव और उसके साथी हैं। पुलिस ने गाड़ियों के नंबर ट्रेस किए और अलग अलग इलाकों में तेजी से छापेमारी शुरू कर दी।
चंदवारा से बरामद हुए मैनेजर, पांचों आरोपी कोर्ट में पेश
पुलिस टीम ने दबाव बनाते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक काले रंग की स्कॉर्पियो बरामद की और फिर चंदवारा थाना क्षेत्र से काले रंग की क्रेटा कार पकड़ ली। चंदवारा इलाके से ही पुलिस ने अपहृत मैनेजर भास्कर कुमार को भी पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश यादव के अलावा ईचाक के जमुवारी निवासी विक्की कुमार, दाडीघाघर के आनंद कुमार मेहता, अलौंजा खुर्द के मनीष कुमार और मुफस्सिल के बड़ासी निवासी दिलीप प्रसाद मेहता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से दोनों गाड़ियां और एक पेन ड्राइव जब्त की है। चरही थाने में नया कानून बीएनएस के तहत केस दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : मालिक की पत्नी पर गंदी नजर और गल्ले से रोज की चोरी का नतीजा है सेल्समैन का कत्ल, SP क्या बोले… देखें वीडियो



