अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के पिठौरिया इलाके में 29 अक्टूबर की रात के सन्नाटे में सड़क पर एक शख्स अपनी बाइक से ससुराल की ओर बढ़ रहा था। उसे बिल्कुल भी भनक नहीं थी कि पीछे से आ रही एक पल्सर बाइक पर उसकी मौत सवार होकर आ रही है। जैसे ही सुनसान मोड़ आया, पीछे से आए दो लोगों ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हवा में लोहे की भारी कुल्हाड़ी चमकी और सीधा उसके सिर पर गिरी। ताबड़तोड़ वार के बाद शख्स वहीं तड़पकर ढेर हो गया और हमलावर अंधेरे में गायब हो गए। अगली सुबह जब खून से लथपथ लाश मिली, तो पिठौरिया से लेकर पुरुलिया तक सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 30 वर्षीय बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल के रूप में हुई। वह इलाके की मशहूर दुकान कृष्णा स्वीट्स में बतौर सेल्समैन काम करता था।
दुकान में पूजा करने आती थी पत्नी, सेल्समैन कसता था फब्तियां
शुरुआत में मामला किसी राहजनी या अनजान दुश्मनी का लग रहा था, लेकिन जब परतें खुलीं तो कहानी दुकान की चारदीवारी से निकलकर सीधे मालिक के गुस्से तक पहुंच गई। पुलिस की तफ्तीश में जो बात सामने आई, उसने सबको चौंका दिया। सेल्समैन बानेश्वर का दुकान में बर्ताव दिनोंदिन बेकाबू होता जा रहा था। होटल मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू की पत्नी जब भी दुकान में बने मंदिर में पूजा करने आती, तो बानेश्वर उस पर नजरें टिकाए रखता और अश्लील फब्तियां कसता था। इतना ही नहीं, वह गल्ले से रोज बिक्री के पैसे भी चुराने लगा था। मालिक जब भी उसे टोकता या डांटता, तो बानेश्वर सुधरने के बजाय दुकान छोड़कर भाग जाता था। वह पश्चिम बंगाल से होटल के लिए काम करने वाले दूसरे वेटर भी लाता था, इसलिए भागते वक्त बाकी लड़कों को भी अपने साथ ले जाता था ताकि दुकान ठप हो जाए। रोज की यह बेइज्जती और आर्थिक चोट मालिक के दिमाग में जहर बनकर घुल चुकी थी।
पचास हजार की सुपारी में हुआ सांसों का सौदा
लगातार हो रहे पत्नी के अपमान और गल्ले से हो रही चोरी बौखलाए मालिक कृष्णा ने तय कर लिया कि अब हिसाब बराबर करना ही होगा। उसने अपनी इस खौफनाक साजिश में होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को शामिल किया। अमित को इस कत्ल में साथ देने के लिए पचास हजार रुपये की लालच दी गई, जिसमें से सात हजार रुपये पेशगी के तौर पर थमा दिये गये। योजना के मुताबिक, जैसे ही बानेश्वर ससुराल जाने के लिए निकला, दोनों ने उसका पीछा कर करकट्टा मोड़ पर उसे बेरहमी से काट डाला।
रूरल एसपी की रणनीति में फंसा कातिल
घटना की नजाकत को भांपते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने तुरंत एसआईटी बनाई, जिसकी पूरी कमान तेजतर्रार रूरल एसपी गौरव गोस्वामी को सौंपी गई। रूरल एसपी गौरव गोस्वामी ने पारंपरिक पुलिसिया अंदाज के साथ आधुनिक सर्विलांस का ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया कि आरोपियों का बच निकलना नामुमकिन हो गया। सीनियर डीएसपी अमर पांडेय की देखरेख में SIT ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों, मोबाइल टावर की लोकेशन और तकनीकी कड़ियों को जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से कत्ल में इस्तेमाल हुई कुल्हाड़ी, पल्सर बाइक, कपड़े, मृतक और आरोपियों के मोबाइल फोन के साथ दुकान का डीवीआर भी बरामद कर इस सनसनीखेज वारदात की पूरी फाइल सील कर दी।
रांची के पिठौरिया सेल्समैन हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी और पैसों की चोरी से नाराज मालिक ने सफाईकर्मी को 50 हजार की सुपारी देकर करवाई थी हत्या। दो गिरफ्तार। रूरल एसपी गौरव गोस्वामी क्या बोले… देखें
#Ranchi #CrimeNews #JharkhandNews #RanchiPolice https://t.co/qy8mexTj1I— News Samvad (@newssamvaad) November 1, 2026
इस पूरे ऑपरेशन में सीनियर डीएसपी अमर कुमार पांडेय, कांके थानेदार इंस्पेक्टर कुणाल कुमार, पिठौरिया थानेदार सतीश कुमार, नेशनल लॉ युनिवर्सिटी ओपी प्रभारी तनजील खान, दलादली ओपी प्रभारी सत्यप्रकाश उपध्याय, नगड़ी थानेदार अभिषेक कुमार, एसआई सतीश कुमार, सतीश कुमार, गगन ठाकुर, एएसआई शाह फैसल, बलेन्द्र कुमार, सिपाही विरेन्द्र सिंह, देवेन्द्र उरांव, और पन्नालाल महतो की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : टोल प्लाजा पर फिल्मी अंदाज में घेरी गई XUV, महिलाओं के शरीर से निकले 62 लाख कैश



