अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ में नशा बेचने वालों, गलियों में जमने वाले अड्डों और राह चलती महिलाओं व लड़कियों पर फब्तियां कसने वाले मनचलों पर नकेल कसने के लिए पुलिस पूरी तरह मैदान में उतर चुकी है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के सख्त आदेश के बाद जिलेभर में ‘प्रहरी’ अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम का सीधा मकसद समाज में उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की कमर तोड़ना और आम जनता के मन से खौफ खत्म कर खाकी पर उनका भरोसा मजबूत करना है। बीती रात जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों की पुलिस एक साथ सड़कों पर निकली, जिससे अराजक तत्वों में अफरा-तफरी मच गई।
सन्नाटे में अचानक सायरन की आवाज, संवेदनशील ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
रात का अंधेरा गहराते ही रामगढ़ पुलिस ने उन तमाम जगहों की घेराबंदी शुरू कर दी, जहां शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। शहर के चौक-चौराहों से लेकर सुनसान रास्तों, बंद पड़ी दुकानों के ओट और पार्कों के आसपास पुलिस की गाड़ियां अचानक पहुंचीं। पुलिस टीमों ने संदिग्ध दिख रहे लोगों को रोककर पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से नशेड़ियों और हुड़दंगियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई इलाकों में पुलिस को देखते ही अड्डेबाजी कर रहे युवक भाग खड़े हुए। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले धंधेबाजों और महिलाओं की सुरक्षा में खलल डालने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
मोहल्लों में लोगों से सीधा संवाद, पुलिस बोली- बिना डरे दें सूचनाएं
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सिर्फ डंडा चलाने तक सीमित न रहकर आम नागरिकों और दुकानदारों से सीधा संपर्क भी साधा। जवानों ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने लोगों से कहा कि अगर उनके आसपास कोई नशा बेचता है, जुए का अड्डा चलाता है या संदिग्ध हरकतें करता है, तो इसकी खबर तुरंत नजदीकी थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस-पब्लिक के बीच की यह दूरी मिटाने की कोशिश रातभर देखने को मिली।
शहरवासियों ने ली राहत की सांस, आगे भी जारी रहेगी सख्ती
रातभर चले इस सघन अभियान के बाद आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों ने राहत महसूस की है। स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि शाम के बाद कई रास्तों से गुजरना मुश्किल हो जाता था, लेकिन पुलिस की इस सक्रियता से माहौल सुरक्षित हुआ है। वहीं जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह अभियान सिर्फ एक रात का दिखावा नहीं है। आने वाले दिनों में भी ‘प्रहरी’ के तहत इसी तरह औचक छापे मारे जाएंगे, ताकि पूरे जिले को अपराध और नशे के जाल से पूरी तरह मुक्त कराया जा सके।
इसे भी पढ़ें : JE भर्ती पेपर लीक में बड़ा खुलासा- जिस पर था परीक्षा कराने का दारोमदार, वही IITian निकला ‘मास्टरमाइंड’



