अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के प्रशासनिक कामकाज को पूरी तरह हाईटेक और पारदर्शी बनाने की तैयारी तेज हो गई है। सीएम सम्राट चौधरी ने साफ किया है कि राज्य में ई-कैबिनेट व्यवस्था लागू होने से सुशासन को एक नई गति मिलेगी। इससे न केवल सरकारी फैसलों की रफ्तार बढ़ेगी, बल्कि पूरी निर्णय प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और ज्यादा असरदार बनेगी। बुधवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम ने इस पूरी व्यवस्था को जल्द से जल्द जमीन पर उतारने के निर्देश दिए।
डिजिटल मूवमेंट से थमेगा फाइलों का चक्कर, तय होगी जवाबदेही
सीएम ने कहा कि अक्सर कागजी फाइलों के आने-जाने में काफी समय लग जाता है, जिससे जरूरी नीतिगत फैसलों में देरी होती है। नई व्यवस्था के तहत कैबिनेट से जुड़ी हर फाइल की आवाजाही पूरी तरह डिजिटल होगी। इससे विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल मजबूत होगा और सरकारी कामकाज के निपटारे में तेजी आएगी। सीएम ने जोर देकर कहा कि इस बदलाव से अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जा सकेगी।

प्रशासन में अब जुड़ेगी AI की ताकत
बैठक में सीएम ने निर्देश दिया कि सरकारी तंत्र को सुगम बनाने के लिए केवल ऑनलाइन फाइलिंग तक सीमित न रहें, बल्कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का भी भरपूर इस्तेमाल किया जाए। उनका कहना था कि टेक्नोलॉजी के अधिकतम उपयोग से प्रशासनिक पेचीदगियां खत्म होंगी और नीतियां जनता तक सीधे और तेजी से पहुंचेंगी।
कागज और पैसे की बचत के साथ पर्यावरण को भी फायदा
ई-कैबिनेट व्यवस्था को राज्य सरकार ने पेपरलेस प्रशासन की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। सीएम ने कहा कि पूरी तरह डिजिटल कामकाज होने से बड़े पैमाने पर कागजों की खपत रुकेगी, जिससे न केवल सरकारी संसाधनों और समय की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी सीधा बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार आधुनिक तकनीक के जरिए प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, दक्ष और पूरी तरह जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने प्रेजेंटेशन के जरिए ई-कैबिनेट के पूरे मॉडल और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह और मंत्रिमंडल सचिवालय के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : नीतीश की सालों पुरानी मांग पूरी, CM बोले- गाद नीति से बिहार को मिलेगी बाढ़ से राहत



