अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले में बेखौफ घूम रहे अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के कड़े निर्देश के बाद जिलेभर में एक साथ बड़े स्तर पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया गया। देर रात जब शहर की ज्यादातर दुकानें बंद हो चुकी थीं और सड़कें सूनी थीं, तभी पुलिस की अलग-अलग टीमें अचानक मुख्य चौराहों और सीमावर्ती इलाकों में तैनात हो गईं। इस औचक कार्रवाई से देर रात बेवजह घूमने वाले लोगों और संदिग्धों में हड़कंप मच गया।
यह पूरा अभियान पतरातु के एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा और मुख्यालय डीएसपी के सीधे नेतृत्व में चलाया गया। दोनों अधिकारियों ने खुद ग्राउंड पर उतरकर कमान संभाली और अलग-अलग इलाकों में जाकर चेकिंग का जायजा लिया। जिले के सभी पुलिस इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी भी संदिग्ध को बिना जांच के आगे न जाने दिया जाए। पुलिस बल ने संवेदनशील इलाकों, हाईवे और प्रमुख गलियों में बैरिकेडिंग लगाकर तगड़ी नाकेबंदी कर दी थी।
कागजात जांचे और गाड़ियां खंगाली
अभियान के दौरान दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस के जवानों ने गाड़ियों की डिक्की, सीट के नीचे की जगह और डैशबोर्ड को भी पूरी तरह खंगाला ताकि कोई अवैध हथियार, नशीले पदार्थ या संदिग्ध सामान न ले जाया जा सके। इसके साथ ही देर रात संदिग्ध हालत में घूम रहे युवकों से पूछताछ की गई और उनके पहचान पत्र भी देखे गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों को पुलिस ने कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य मकसद संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाना है। रात के वक्त अक्सर आपराधिक तत्व वारदात को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं, इसलिए इस तरह की चेकिंग से अपराधियों के हौसले पस्त होते हैं। पुलिस का कहना है कि आम जनता को सुरक्षित माहौल देना उनकी पहली प्राथमिकता है और आने वाले दिनों में भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : NTPC के GM समेत इन अफसरों को 7 घंटे तक ग्रामीणों ने बनाया बंधक… जानें क्यों



