अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gorakhpur : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे नितिन नबीन ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में हाजिरी लगाई। उन्होंने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दरबार में मत्था टेका और विधिविधान से पूजा-अर्चना की। नाथपंथ की इस विश्व प्रसिद्ध पीठ पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं सीएम योगी आदित्यनाथ ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर में दर्शन के दौरान दोनों नेताओं के बीच गहरी आत्मीयता देखने को मिली।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच टेका मत्था
नितिन नबीन के मंदिर परिसर पहुंचते ही माहौल भक्तिमय हो गया। वे सीधे गुरु गोरखनाथ की मुख्य प्रतिमा के समक्ष पहुंचे, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। नितिन नबीन ने हाथ जोड़कर शीश नवाया और देश व संगठन की खुशहाली की कामना की। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ पूरे समय उनके साथ मौजूद रहे और उन्हें गर्भगृह की परंपराओं से अवगत कराया। दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी ने खुद आगे बढ़कर उन्हें पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण कराया।
नाथपंथ का इतिहास जाना, स्मृति चिन्ह भेंट
परिसर भ्रमण के दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर सीएम योगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को नाथपंथ के समृद्ध इतिहास, दर्शन और मंदिर की सामाजिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। भ्रमण के उपरांत सीएम योगी ने नितिन नबीन को अंगवस्त्र पहनाया, महाप्रसाद सौंपा और स्मृति चिन्ह के रूप में गुरु गोरखनाथ की सुंदर प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद मंदिर परिसर में ही सभी ने प्रसाद और जलपान ग्रहण किया। मंदिर से दर्शन कर निकलने के बाद भाजपा अध्यक्ष सीधे अपने अगले तय राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।
केंद्र और प्रदेश के दिग्गज नेता रहे मौजूद
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि गोरखनाथ मंदिर में उपस्थित रहे। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। इनके अलावा प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, सांसद रविकिशन शुक्ल, सांसद विजय दूबे, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह और विधायक विपिन सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें : सीएम योगी का कांग्रेस पर निशाना, कहा- अव्यवस्था फैलाना ही विपक्ष का एजेंडा



