अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में शुक्रवार सुबह पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी में पुलिस ने तीन कुख्यात अपराधियों को मार गिराया है। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब पुलिस टीम आरोपियों की घेराबंदी करने पहुंची थी। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान मनेर के थानेदार रजनीश कुमार के हाथ में गोली लग गई और वे घायल हो गए। घायल थानेदार को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शेरपुर गंगा घाट पर हुई मुठभेड़, इलाके में मची अफरा-तफरी
पुलिस को सूचना मिली थी कि पैक्स अध्यक्ष की हत्या में शामिल शूटर गंगा किनारे किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। गोलीबारी के दौरान मौके पर ही तीन अपराधी ढेर हो गए। अचानक हुई इस भारी गोलीबारी से गंगा घाट और आसपास के इलाके में भारी दहशत और भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना के तुरंत बाद भारी संख्या में पुलिस बल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। फिलहाल पूरे दियारा क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और छानबीन जारी है।
अष्टमी की रात दलान पर बैठे पैक्स अध्यक्ष को छलनी किया था
यह पूरा मामला नवरात्रि के दौरान हुई सनसनीखेज हत्या से जुड़ा है। महाअष्टमी की रात मनेर के ब्यापुर गांव में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू अपने दलान पर प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार के साथ बैठे हुए थे। उसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए चार हथियारबंद बदमाशों ने दोनों पर करीब एक दर्जन राउंड गोलियां दाग दी थीं। गोलियों से छलनी संजीत कुमार की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी थी और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। त्योहार के दिन हुई इस वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था।
पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश में दिया गया था वारदात को अंजाम
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया था कि यह खूनी खेल पंचायत चुनाव और इलाके में वर्चस्व की पुरानी अदावत को लेकर खेला गया था। दानापुर के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा के मुताबिक चुनावी रंजिश की वजह से ही अपराधियों ने संजीत कुमार को निशाना बनाया था। पुलिस तभी से इन शूटर्स के पीछे लगी हुई थी। शुक्रवार सुबह आखिरकार पुलिस ने इन बदमाशों को घेर लिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में तीनों आरोपी मारे गए। आला पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और मारे गए तीनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : अदृश्य खतरों के बीच अदम्य साहस, राष्ट्रीय स्तर पर चमके बिहार SDRF के जांबाज


