अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना से सटे बिहटा इलाके में बेखौफ अपराधियों ने मंगलवार देर रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सिमरी गांव में किराए के मकान में रहने वाले 32 साल के ड्राइवर इरफान इमाम उर्फ कल्लू की घर में घुसकर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मारने के बाद बदमाश मृतक का मोबाइल फोन अपने साथ लेकर फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक इरफान दम तोड़ चुका था।
दरवाजा खुलते ही सटा दी पिस्टल, कमरे में सो रहा था मासूम बेटा
वारदात मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे की है। बाइक से आए दो संदिग्ध युवक इरफान के किराए के घर के बाहर पहुंचे और आवाज देकर दरवाजा खटखटाया। जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला, सामने खड़े एक युवक ने बिना कोई बात किए सीधे उसके सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही इरफान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसका मोबाइल उठाया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। वारदात के वक्त इरफान की पत्नी नेहा परवीन अपने छोटे बेटे के साथ मायके गई हुई थी, जबकि उसका बड़ा बेटा कमरे के भीतर गहरी नींद में सो रहा था।
पत्नी बोली- महीने भर पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते पहुंची पत्नी नेहा परवीन ने बताया कि यह कोई अचानक हुआ हमला नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। नेहा के मुताबिक, करीब एक महीने पहले जब वे दोनों बाइक से भोजपुर से लौट रहे थे, तब भी कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर गोलियां चलाई थीं। उस वक्त गोली उनके कान के बिल्कुल पास से निकल गई थी और दोनों बाल-बाल बच गए थे। पत्नी का आरोप है कि पुराने विवाद या रंजिश के चलते ही इस बार घर का पता लगाकर इरफान की हत्या की गई है।
एफएसएल टीम ने जुटाए सुराग, मोबाइल की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही बिहटा थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने कमरे से एक खाली खोखा बरामद किया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी साफ पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और लूटे गए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक करने के साथ-साथ इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
इसे भी पढ़ें : सम्राट कैबिनेट का ‘सुपर 31’ : DA 3% बढ़ा, बेटियों की पढ़ाई से लेकर गंगा पुल तक खुला खजाना


