अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। त्योहारी सीजन में कंफर्म टिकट की मारामारी से जूझ रहे लोगों के लिए रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन विशेष ट्रेनों के चलने से बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच सफर करने वाले प्रवासियों का सफर आसान हो जाएगा। खास बात यह है कि इनमें से दो जोड़ी ट्रेनों का ठहराव हटिया, रांची, मुरी, बोकारो, राउरकेला और झारसुगुड़ा में भी दिया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
पोदानूर, चेन्नई और गोंदिया से बिहार के लिए खास फेरे
दक्षिण और पश्चिम भारत से बिहार आने-जाने वालों की सुविधा के लिए रेलवे ने पोदानूर, चेन्नई सेंट्रल और गोंदिया से स्पेशल गाड़ियां ट्रैक पर उतारी हैं। ट्रेन संख्या 06195 पोदानूर-रक्सौल स्पेशल 10 नवंबर को रात 8 बजकर 20 मिनट पर पोदानूर से रवाना होगी और चौथे दिन दोपहर 12 बजे रक्सौल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 06196 रक्सौल-पोदानूर स्पेशल 14 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर खुलकर चौथे दिन सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी।
वहीं तमिलनाडु की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 06039 चेन्नई सेंट्रल-बरौनी स्पेशल 10 नवंबर को रात 11 बजकर 50 मिनट पर चलकर तीसरे दिन रात 8 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में 06040 बरौनी-चेन्नई स्पेशल 13 नवंबर को रात 9 बजे रवाना होकर तीसरे दिन शाम 5 बजकर 30 मिनट पर चेन्नई पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बालासोर, खड़गपुर और आंदुल में तय किया गया है।
महाराष्ट्र और मध्य भारत के रूट पर ट्रेन संख्या 08895 गोंदिया-पटना स्पेशल 13 और 20 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन शाम 4 बजकर 30 मिनट पर पटना पहुंचेगी। वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया स्पेशल 14 और 21 नवंबर को शाम 6 बजकर 10 मिनट पर खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 3 बजे गोंदिया पहुंचेगी। यह ट्रेन झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टील सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।
छठ के बाद वापसी की राह भी होगी आसान
त्योहार खत्म होने के बाद वापस काम पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को संभालना रेलवे के लिए हमेशा बड़ी चुनौती रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे नवंबर के आखिरी हफ्ते तक बढ़ाने का फैसला किया है। इससे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सीटें मिल सकेंगी।
गाड़ी संख्या 08625 रांची-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन 20 और 27 नवंबर को प्रत्येक शुक्रवार रांची से चलेगी, जबकि वापसी में 08626 पूर्णिया कोर्ट-रांची स्पेशल 21 और 28 नवंबर को प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 08105 राउरकेला-झंझारपुर स्पेशल 19 और 26 नवंबर को प्रत्येक गुरुवार को पटरी पर दौड़ेगी। वहीं गाड़ी संख्या 08109 शालीमार-दरभंगा स्पेशल ट्रेन का परिचालन 17 और 24 नवंबर को प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। इस व्यवस्था से छठ पूजा के बाद परदेस लौटने वाले यात्रियों को कंफर्म सीट खोजने में काफी सहूलियत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : बुजुर्ग पर जालसाजों का डिजिटल वार… न OTP मांगा, न लिंक भेजा, फिर भी खाते से 2 लाख पार


