अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : घड़ी में सुबह के करीब साढ़े ग्यारह बजे थे। आम दिनों की तरह घर में शांति थी, तभी मोबाइल की स्क्रीन चमकती है। स्क्रीन पर किसी अनजान नंबर फ्लैश हुआ। व्हाट्सएप पर एक जानी-पहचानी निजी बैंक का आधिकारिक लोगो दिखाई दी। पहली नजर में कोई भी धोखा खा जाए। अपर बाजार के अग्रसेन पथ स्थित नारायण अपार्टमेंट में रहने वाले 72 वर्षीय बुजुर्ग राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल ने भी यही सोचा कि शायद बैंक को कोई जरूरी काम होगा। फोन उठाते ही सामने से बेहद सधी और मीठी आवाज में बात शुरू हुई, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उस शालीन आवाज के पीछे एक शातिर दिमाग बैठा था, जो जिंदगी भर की जमा पूंजी पर नजर गड़ाए था।
सीनियर सिटीजन कार्ड का झांसा देकर बुना सवालों का जाल
कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया। उसने बेहद अदब के साथ कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंक की विशेष योजना के तहत नया सीनियर सिटीजन कार्ड जारी किया जा रहा है। पुराना कार्ड अपडेट करना बेहद जरूरी है, ताकि नए फायदे मिल सकें और कार्ड सीधे उनके घर के पते पर भेजा जा सके। 72 साल के बुजुर्ग को उस वक्त जरा भी शक नहीं हुआ। ठग ने बातचीत के दौरान ही बातों-बातों में नाम, जन्मतिथि, मां का नाम और बैंक शाखा जैसी संवेदनशील जानकारियां उगलवा लीं। जालसाज इतनी सफाई से सवाल पूछ रहा था कि पीड़ित को लगा कि यह तो सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।
होल्ड पर कॉल और मोबाइल की स्क्रीन पर बैंक का मैसेज
जैसे ही जालसाज के हाथ जरूरी जानकारियां लगीं, उसने अपना आखिरी दाव चला। उसने बुजुर्ग से कहा कि वे कॉल को बिल्कुल न काटें और थोड़ी देर फोन को होल्ड पर रखें, क्योंकि सिस्टम से एक और वेरिफिकेशन कॉल आ रही है। बुजुर्ग कान से फोन लगाए बैठे रहे। सेकेंड दर सेकेंड बीतते गए, लेकिन कोई दूसरी कॉल नहीं आई। कुछ ही पलों बाद फोन कट गया और ठीक उसी वक्त इनबॉक्स में बैंक का एक अलर्ट मैसेज चमका। मैसेज खुलते ही पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते से एक झटके में पूरे 1,99,037 रुपये कट चुके थे। जिस कार्ड के अपडेट होने का इंतजार हो रहा था, उसी बैंक खाते से खून-पसीने की कमाई का बड़ा हिस्सा गायब हो चुका था।
हेल्पलाइन 1930 पर गुहार और साइबर थाने में दस्तक
धोखाधड़ी का अहसास होते ही बुजुर्ग के हाथ-पांव फूल गए, लेकिन उन्होंने घबराने के बजाय फौरन कदम उठाया। सबसे पहले उन्होंने केंद्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर फोन मिलाकर ट्रांजैक्शन रुकवाने की गुहार लगाई और शिकायत दर्ज करवाई। इसके तुरंत बाद वे सीधे राँची के साइबर अपराध थाने पहुंचे और आपबीती सुनाते हुए लिखित शिकायत सौंपी। अब पुलिस उस मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप प्रोफाइल और बैंक ट्रांजैक्शन की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ठगी का यह जाल कहां बैठकर बुना गया था।
इसे भी पढ़ें : आदिवासी नेत्री निशा भगत मौ’त मामले की अब CBI करेगी जांच, सीएम हेमंत ने दिए आदेश


