अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती सेल, उत्तर रेलवे (RRC NR) ने अप्रेंटिस के 4,651 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन प्रक्रिया 11 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए 10वीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में ITI प्रमाणपत्र होना जरूरी है।
उत्तर रेलवे की ओर से यह भर्ती विज्ञापन संख्या RRC/NR/03/2026/Act Apprentice के तहत निकाली गई है। इसके जरिए दिल्ली, लखनऊ, फिरोजपुर, मुरादाबाद, अंबाला और जम्मू क्लस्टर में अप्रेंटिस के पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू के आधार पर नहीं होगा। 10वीं और ITI में मिले अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
उत्तर रेलवे अप्रेंटिस भर्ती में किस क्लस्टर में कितने पद?
इस भर्ती में सबसे ज्यादा पद लखनऊ क्लस्टर के लिए रखे गए हैं। यहां कुल 1,525 युवाओं को अप्रेंटिस बनने का मौका मिलेगा। वहीं, दिल्ली क्लस्टर में 1,312, अंबाला में 979 और फिरोजपुर क्लस्टर में 740 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा मुरादाबाद में 63 और जम्मू क्लस्टर में 32 पद भरे जाएंगे। इस तरह उत्तर रेलवे के अलग-अलग क्लस्टर में कुल 4,651 पदों पर भर्ती होगी। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय अपने ITI ट्रेड और उपलब्ध पदों का ध्यान रखना होगा। उन्हें उसी क्लस्टर और यूनिट के लिए आवेदन करना चाहिए, जहां उनके संबंधित ट्रेड में पद उपलब्ध हैं।
10वीं में 50% अंक और ITI जरूरी, जानें आयु सीमा
उत्तर रेलवे अप्रेंटिस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त संस्थान का ITI प्रमाणपत्र भी होना चाहिए। भर्ती के लिए एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी रखी गई है कि उम्मीदवार का 10वीं और ITI का रिजल्ट 6 नवंबर 2026 तक जारी हो चुका होना चाहिए। इसके बाद रिजल्ट जारी होने वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
आयु सीमा की बात करें तो 11 दिसंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 15 साल और अधिकतम 24 साल होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 साल, अन्य पिछड़ा वर्ग को 3 साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 साल की छूट दी जाएगी। पूर्व सैनिकों को भी नियमानुसार अतिरिक्त छूट मिलेगी। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन फॉर्म में गलत जानकारी देने या गलत दस्तावेज जमा करने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन, जानें आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को चयन के लिए किसी तरह की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। रेलवे की ओर से 10वीं और ITI में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। दोनों परीक्षाओं को बराबर महत्व दिया जाएगा और उनके अंकों के औसत के आधार पर उम्मीदवारों की मेरिट तय होगी।
मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद उन्हें मेडिकल प्रमाणपत्र भी देना होगा। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्र भी समान होने की स्थिति में 10वीं की परीक्षा पहले पास करने वाले अभ्यर्थी को वरीयता मिलेगी।
आवेदन शुल्क सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये रखा गया है। वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। नकद, चेक, डिमांड ड्राफ्ट या मनी ऑर्डर से भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को उत्तर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट rrcnr.org पर जाना होगा। वेबसाइट पर अप्रेंटिस भर्ती के आवेदन लिंक पर क्लिक करके पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके लिए नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और जन्मतिथि जैसी जानकारी भरनी होगी।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां भरनी होंगी। इसके साथ पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान और जरूरी शैक्षणिक प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। जिन उम्मीदवारों पर आवेदन शुल्क लागू है, उन्हें ऑनलाइन भुगतान करना होगा। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लेना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : झारखंड की मिट्टी से निकल 25 देशों तक बनाई पहचान, गूंज रही BFCL की धमक


