अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Uttar Pradesh : कुलवंत सिंह स्टेडियम में 14 नवंबर को मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन हजार से अधिक पूर्व सैनिक और उनके परिजन हिस्सा लेंगे। रैली को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे। यहां वे पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को संबोधित करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह सेना का कार्यक्रम होगा। इसमें तीन हजार से अधिक पूर्व सैनिकों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इस रैली के आयोजन को लेकर अगस्त में रक्षा मंत्री से मुलाकात की गई थी। उस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली आयोजित कराने का आग्रह किया गया था। रक्षा मंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद अब मेरठ में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
पश्चिमी यूपी में बड़ी संख्या में सेना से जुड़े परिवार
डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सेना से पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है। यहां के गांवों और घरों से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं। कई परिवारों के सदस्य सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से इस रैली का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार वन ब्लॉक, वन सैनिक योजना लाने का प्रस्ताव तैयार कर रही है। इसके तहत पूर्व सैनिकों की सेवाओं और अनुभवों का लाभ युवाओं को दिलाने की योजना है। पूर्व सैनिक युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए ट्रेनिंग और मार्गदर्शन देंगे। इससे युवाओं को सेना में जाने की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
पत्रकारवार्ता में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
पत्रकारवार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलुवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल और कमल दत्त शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रैली को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 14 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व सैनिकों की बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ एसपी ने छठ घाटों का लिया जायजा, बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा में न हो कोई चूक


