अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन रविवार को व्रतियों और श्रद्धालुओं ने डूबते हुए सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया। इस दौरान पूरे जिले के नदी और तालाबों के किनारे आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना की और अपने परिवार की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कालीभसान और टीनबंगला पोखर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
शहर के प्रमुख छठ घाटों जैसे कालीभसान पोखर, टीनबंगला पोखर और शिवशीतला मंदिर तालाब समेत जिले के दर्जनों पोखरों पर दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। परिजन सिर पर फल, ठेकुआ और पूजा की अन्य सामग्रियों से सजा दउरा लेकर पैदल ही घाटों की ओर जाते दिखे। घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं ने सूप में दीप जलाकर छठी मइया की पूजा की और संध्या अर्घ्य की रस्म पूरी की।
आकर्षक लाइटिंग, आतिशबाजी और सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
छठ पूजा को लेकर स्थानीय पूजा समितियों की ओर से घाटों पर खास तैयारी की गई थी। सभी प्रमुख तालाबों और रास्तों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था, जिससे शाम ढलते ही घाटों की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। कई घाटों पर पूजा समितियों की ओर से आतिशबाजी भी की गई, जिसका लोगों ने खूब आनंद लिया। वहीं, भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखा। हर घाट पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न हो सके।
अब सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही इस चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जाएगा।
इसे भी पढ़ें : सात समंदर पार तक छठी मइया की गूंज, सीएम सम्राट बोले- ‘लोकल से ग्लोबल’ बना महापर्व






