अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के मौके पर रविवार को राजधानी रांची में श्रद्धा और उत्साह का माहौल दिखा। सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने सबसे पहले कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किया और उन्हें नमन किया। इसके बाद सीएम ने बिरसा चौक पहुंचकर धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए बिरसा का संघर्ष हमारी पहचान
समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने धरती आबा के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष झारखंड के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व कर पूरे देश को एक नई दिशा दिखाई। सीएम ने कहा कि बिरसा मुंडा के विचार और आदर्श आने वाली कई पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

समृद्ध संस्कृति और वंचित वर्गों का विकास सरकार की प्राथमिकता
बिरसा चौक पर मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने समस्त झारखंडवासियों और आदिवासी समाज को राज्य स्थापना दिवस और बिरसा जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे देश और राज्य के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। हमारी सरकार धरती आबा के सपनों के अनुरूप एक समृद्ध, सशक्त और विकसित झारखंड बनाने के लिए पूरी तरह काम कर रही है।

सीएम ने स्पष्ट किया कि राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्राकृतिक संसाधन ही हमारी असली पहचान हैं। सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता इन धरोहरों को सहेजने के साथ-साथ गरीब, वंचित, आदिवासी और मूलवासी समुदायों को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत और कल्पना ने दी खरना पर बधाई, बोले- छठ व्रतियों का कठिन तप अटूट श्रद्धा का प्रतीक






