अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला और आधा जला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव भरही-रबदा बॉर्डर के पास लाली माटी जंगल की झाड़ियों में पड़ा था। मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि महिला के दोनों पैरों में तीन-तीन यानी कुल छह इंजेक्शन की सुइयां चुभी हुई थीं। इसके साथ ही महिला का चेहरा, सीना और शरीर का करीब 30 से 50 प्रतिशत हिस्सा बुरी तरह जला हुआ था। मंगलवार सुबह करीब छह बजे जब स्थानीय ग्रामीण अपनी गाय और बकरियां चराने के लिए जंगल की तरफ गए, तो उनकी नजर झाड़ियों में पड़े इस शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना देरी किए तुरंत इसकी सूचना प्रतापपुर थाना पुलिस को दी।
जंगल में आग के निशान नहीं, दूसरी जगह हत्या कर शव फेंकने की आशंका
सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी और गौरीघाट पुलिस पिकेट प्रभारी मोहन तिर्की अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल से कई अहम बातें सामने आई हैं। जिस जगह पर झाड़ियों में महिला का शव मिला है, वहां आसपास आग जलने या किसी अन्य चीज के जलने के कोई निशान नहीं हैं। इससे पुलिस को गहरा संदेह है कि महिला की हत्या और शव को जलाने की कोशिश कहीं और की गई है। सबूत मिटाने के इरादे से अपराधी अधजले शव को यहां लाकर फेंक गए हैं।
मुख्य सड़क पर मिले खून के धब्बे, घसीटकर झाड़ियों में ले जाने का शक
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर पुलिस को पास की मुख्य सड़क पर खून के धब्बे भी मिले हैं। इस सुराग के आधार पर पुलिस मान रही है कि हत्यारों ने महिला को किसी दूसरी जगह मारा और फिर शव को सड़क से घसीटते हुए जंगल की झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस की टीम ने मौके से खून से सनी मिट्टी, मृतका की चप्पल और अन्य संदिग्ध सामान को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर सुरक्षित रख लिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के असली कारणों और समय का पता चल सके।
महिला की पहचान के लिए झारखंड और बिहार के थानों में भेजी गई सूचना
प्रतापपुर थानेदार आलोक रंजन चौधरी ने मीडिया को बताया कि शव की हालत खराब होने और चेहरा झुलस जाने के कारण अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। चूंकि यह घटना झारखंड और बिहार की सीमा के बेहद करीब हुई है, इसलिए पुलिस दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में छानबीन कर रही है। मृतका की शिनाख्त के लिए चतरा जिले के सभी थानों को अलर्ट करने के साथ ही बिहार के कोठी, सलैया, इमामगंज और बांके बाजार थानों को भी सूचना भेजी गई है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है ताकि जल्द से जल्द महिला के परिजनों का पता लगाया जा सके।
इसे भी पढ़ें : 11 साल की अनाथ भतीजी से बड़े पापा ने की दरिंदगी, फिर पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला






