अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा 2026 के मौके पर पूरे राज्य में उत्सव का माहौल है। विरासत, प्रगति और नई उम्मीदों को जोड़ते हुए राज्यभर में कई बड़े कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से प्रदेश के 31,756 स्कूलों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इन सभाओं में शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को झारखंड के गौरवशाली इतिहास, राज्य गठन के संघर्ष, महापुरुषों और आंदोलनकारियों की कहानियों के बारे में विस्तार से बताया। अपनी समृद्ध संस्कृति और विरासत को जानने के बाद राज्य के 23,26,916 विद्यार्थियों ने एक साथ मिलकर विकसित झारखंड बनाने की शपथ ली।
सिमडेगा में महिलाओं को मिली 1.52 करोड़ की सौगात, युवाओं के लिए कौशल रथ रवाना
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सिमडेगा जिले में बड़ी पहल की गई है। यहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और ग्राम संगठनों को अलग-अलग आजीविका योजनाओं के तहत कुल 1 करोड़ 52 लाख 65 हजार 500 रुपये की आर्थिक मदद दी गई। उपायुक्त कंचन सिंह और उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने लाभुकों को सांकेतिक चेक सौंपे। इस राशि में सामुदायिक निवेश निधि के तहत 1.12 करोड़, चक्रीय निधि के तहत 24.30 लाख, झारखंड समावेशी आजीविका योजना के तहत 7.60 लाख, वल्नरेबिलिटी रिडक्शन फंड के तहत 8 लाख और फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 75 हजार रुपये बांटे गए।

इसी कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के तहत कौशल रथ जागरूकता अभियान की शुरुआत भी की गई। उपायुक्त और डीडीसी ने हरी झंडी दिखाकर इस रथ को रवाना किया। यह रथ गांव-गांव जाकर युवाओं को रोजगार के प्रति जागरूक करेगा। इसके तहत आगामी 26 नवंबर को कोलेबिरा और 27 नवंबर को केरसई प्रखंड परिसर में सुबह 10 बजे से रोजगार मेले लगाए जाएंगे, जहां युवाओं को सीधे नौकरी के मौके मिलेंगे।
कोडरमा, पलामू और लातेहार में लाभुकों का गृह प्रवेश, नए घरों में शुरू हुई खुशियों की नई पारी
स्थापना पखवाड़े की खुशियां उन गरीब परिवारों के आंगन में भी पहुंची हैं, जिन्हें अपना पक्का घर मिला है। कोडरमा जिले में 15 से 21 नवंबर तक गृह प्रवेश सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसमें 549 तैयार घरों में लाभुकों को गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 200, अबुआ आवास योजना के 336, पीएम-जनमन के 8 और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 5 घर शामिल हैं। इसी तरह पलामू जिले में भी 15 से 17 नवंबर तक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना और पीएम-जनमन के तहत 667 लाभुकों को उनके नए घरों में प्रवेश कराया गया।
लातेहार जिले में भी 17 से 24 नवंबर तक पखवाड़े के तहत कई कार्यक्रम चल रहे हैं। यहां अबुआ आवास योजना के लाभुकों ने विधिवत पूजा-पाठ के साथ अपने नए घरों में गृह प्रवेश कर खुशियों के साथ नई शुरुआत की। इसके अलावा जिले के स्कूलों में बच्चों के लिए निबंध, लेखन और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गांवों में रोजगार सृजन अभियान के तहत कार्यक्रम हुए और लोगों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए सभी पंचायतों के छठ घाटों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि 24 नवंबर तक जिले के अलग-अलग इलाकों में इसी तरह जनहित से जुड़े कार्यक्रम जारी रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : खूंटी में बिजलीकर्मियों की आवाज बने अजय राय, अफसरों से दो टूक कहा… जानें क्या




