अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : रबी सीजन की बुआई के बीच खाद की किल्लत और तकनीकी उलझनों से जूझ रहे बिहार के किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब वंशावली के आधार पर खेती करने वाले और बटाईदार किसानों को खाद लेने के लिए मोबाइल नंबर से भूमि सत्यापन की जटिल प्रक्रिया में नहीं उलझना पड़ेगा। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को घोषणा की कि सॉफ्टवेयर में आवश्यक सुधार करते हुए पुरानी व्यवस्था को फिर से बहाल कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद अब Tier-2 और Tier-3 श्रेणी के किसानों के आवेदन पर सीधे क्यूआर कोड (QR Code) जनरेट होगा, जिससे वे आसानी से खाद खरीद सकेंगे।
क्यों पड़ी सॉफ्टवेयर में बदलाव की जरूरत?
राज्य में उर्वरक वितरण को पारदर्शी बनाने और कालाबाजारी रोकने के लिए 2 अक्टूबर 2026 से सभी 38 जिलों में फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स (FFS) प्रणाली लागू की गई थी। इसमें एग्रीस्टैक योजना की फार्मर रजिस्ट्री का इस्तेमाल हो रहा था। लेकिन नवंबर के पहले सप्ताह से जैसे ही मोबाइल नंबर के जरिए भूमि सत्यापन अनिवार्य किया गया, राज्य भर के किसानों और खाद विक्रेताओं को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रबी की बुआई चरम पर होने के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गई थी। कई विधायकों ने भी पत्र लिखकर कृषि मंत्री को इस समस्या से अवगत कराया था।
बटाईदार किसानों के लिए आसान हुई राह
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल तकनीकी सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेत जोतने वाले हर किसान का ध्यान रखा जा रहा है और बुआई के समय उन्हें खाद के लिए भटकने नहीं दिया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत जिला और प्रखंड स्तर पर लॉगिन आईडी की सुविधा दी गई है, जहां किसान अपना भूमि विवरण दर्ज कर खाद की बुकिंग कर सकते हैं। जब तक सभी तकनीकी बिंदुओं को पूरी तरह अपडेट नहीं कर लिया जाता, तब तक किसानों की सुविधा के लिए पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी।
समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस फैसले से रबी मौसम में खाद की आपूर्ति और वितरण पूरी तरह सुचारु रहेगा। यदि किसी किसान को खाद की उपलब्धता या बुकिंग से जुड़ी कोई भी समस्या आती है, तो वे सीधे कृषि विभाग द्वारा जारी व्हॉट्सऐप नंबर 7766085888 या टोल-फ्री किसान हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : मंत्री विजय सिन्हा का ऐलान- अब ‘जॉब सीकर’ नहीं ‘जॉब प्रोवाइडर’ बनेंगे बिहार के कृषि छात्र






