अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jammu : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुए एनकाउंटर में सेना और पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह हुई इस कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ भट को मार गिराया गया है। एनकाउंटर खत्म होने के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से आतंकी का शव और एक हथियार बरामद किया है। जिस जगह आतंकी छिपा हुआ था, वहां पास में एक मस्जिद भी थी। सुरक्षाबलों ने बेहद सावधानी से इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया, ताकि मस्जिद को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचे।
अफसरों ने वीडियो कॉल पर की सरेंडर की अपील, आतंकी ने किया इनकार
इस एनकाउंटर से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो बुधवार सुबह गोलीबारी तेज होने से ठीक पहले का है। सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को बचाने और मुख्यधारा में लाने की पूरी कोशिश की। अधिकारियों ने बाकायदा लतीफ को वीडियो कॉल किया और उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया। वीडियो में एक अधिकारी लतीफ से यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि हम तुम्हारे साथ हैं। हालांकि, लतीफ ने सरेंडर करने से साफ मना कर दिया और जवाब दिया कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है और मैं बहुत खुश हूं। इसके बाद सुबह होने से पहले ही दोनों तरफ से फिर से गोलीबारी शुरू हो गई और सुरक्षाबलों ने कुलगाम के कई गांवों में घेराबंदी तेज करते हुए उसे ढेर कर दिया।
CRPF चौकी पर हमले और रेकी की पूरी कहानी
मारा गया लश्कर कमांडर लतीफ भट और उसका साथी उमर निसार डार 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक चौकी पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। उमर निसार डार को सुरक्षाबलों ने सोमवार को कुलगाम में ही एक अलग एनकाउंटर में मार गिराया था। मंगलवार को पुलिस ने एक CCTV फुटेज जारी किया था, जिसमें हमले से ठीक एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को डार और भट को इलाके की रेकी करते हुए देखा गया था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दोनों ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम जैसी जगहों की टोह ली थी ताकि सुरक्षाबलों पर हमले की योजना बनाई जा सके। 11 नवंबर को दोनों ने अखरान में CRPF चौकी पर हमला किया और वहां से भाग निकले।
500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ और अनंतनाग हमले से कनेक्शन
CCTV फुटेज की बारीकी से जांच के बाद पुलिस ने दोनों आतंकियों की पहचान की थी। फुटेज में उनकी रेकी करने और हमले के बाद भागने की हरकतें साफ कैद हुई थीं। इस हमले के बाद से ही इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और संदेह के आधार पर 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि स्थानीय निवासी उमर निसार डार पिछले पांच-छह महीनों से लतीफ भट को अपने पास पनाह दे रहा था और उसकी मदद कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि डार के गायब होने पर उसके परिवार ने कुलगाम थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लतीफ भट 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पार्टी पर हुए उस आतंकी हमले में भी शामिल था, जिसमें एक पुलिसकर्मी बलिदान हो गया था।
इसे भी पढ़ें : होटल में ठहरे डॉक्टर ने लगाया ऐसा सोशल मीडिया स्टेटस, भागी-भागी पहुंची पुलिस






