अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dumka : शहर के एक निजी क्लीनिक के डॉक्टर की सोशल मीडिया पोस्ट ने मंगलवार शाम प्रशासन और परिजनों के हाथ-पांव फुला दिए। डॉक्टर मनीष भारती ने अपने स्टेटस पर लिखा कि वे एक होटल में हैं और आत्महत्या करने जा रहे हैं, कृपया उन्हें बचा लिया जाए। यह पोस्ट देखते ही उनके करीबियों में हड़कंप मच गया और तुरंत नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
होटल के कमरे में शराब के नशे में धुत मिले डॉक्टर
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और डॉक्टर के परिजन बिना समय गंवाए बताए गए होटल पहुंचे। सभी को किसी अनहोनी की आशंका थी, लेकिन जब कमरे का दरवाजा खुला तो अंदर का नजारा बिल्कुल अलग था। पुलिस ने पाया कि डॉक्टर मनीष भारती पूरी तरह शराब के नशे में धुत हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस अधिकारियों ने उनसे इस तरह का मैसेज पोस्ट करने की वजह जानने की कोशिश की, लेकिन नशे की हालत में होने के कारण डॉक्टर ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और पूरी तरह खामोश रहे। मौके पर मौजूद परिजन भी इस घटना के पीछे का कोई ठोस कारण नहीं बता सके।
सुबह ही बुक कराया था होटल का कमरा नंबर 108
दरअसल, डॉक्टर मनीष भारती शहर में अपना निजी क्लीनिक चलाते हैं। मंगलवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर साफ शब्दों में लिखा था कि वे होटल के कमरा नंबर 108 में ठहरे हुए हैं और अपनी जान देने जा रहे हैं। होटल संचालक से पूछताछ करने पर पता चला कि डॉक्टर ने मंगलवार सुबह ही यह कमरा बुक कराया था। पुलिस की टीम काफी देर तक होटल के कमरे में ही उनसे बातचीत कर मामले की तह तक जाने का प्रयास करती रही।
रांची की घटना के बाद अलर्ट मोड पर थी पुलिस
इस मामले में पुलिस की इतनी तेज कार्रवाई के पीछे हाल ही में रांची में हुई एक दुखद घटना भी बड़ी वजह रही। कुछ दिन पहले ही रांची में एक आदिवासी नेत्री निशा भगत ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने के बाद आत्महत्या कर ली थी। इसी संवेदनशीलता को देखते हुए दुमका पुलिस ने डॉक्टर के स्टेटस को हल्के में नहीं लिया और तुरंत लोकेशन ट्रेस कर मौके पर पहुंच गई। नगर थानेदार प्रियंका आनंद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉक्टर की हालत पूरी तरह ठीक और सुरक्षित है।
इसे भी पढ़ें : वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, राज्य के सभी बूथों पर आज लगेगा विशेष कैंप






