अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभी से जीत का दावा ठोक दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। इस बार सिर्फ भाजपा की हैट्रिक नहीं लगेगी, बल्कि चुनाव परिणाम एक नया रिकॉर्ड भी बनाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार के काम के दम पर पार्टी जनता के बीच जाएगी। उन्हें पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी।
एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ में बातचीत के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने को लेकर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की बदली हुई पहचान पर जिसे भी गर्व है, वह भाजपा सरकार को तीसरी बार मौका देगा।
योगी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच साल तक सरकार चलाई और फिर चुनाव जीतकर दोबारा मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई चुनावी रिकॉर्ड बना चुकी है और 2027 में पार्टी एक नया इतिहास रचेगी।
योगी का सपा-कांग्रेस पर हमला, परिवारवाद और जातिवाद को बताया यूपी के पिछड़ेपन की वजह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति ने उत्तर प्रदेश को काफी नुकसान पहुंचाया है। सपा और कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता, गुंडाराज और खराब कानून-व्यवस्था की स्थिति थी। उस समय थानों, तहसीलों और जिलों तक में दबंगों का प्रभाव था।
योगी ने कहा कि जब भी इन दलों को सत्ता मिली, प्रदेश में कर्फ्यू, दंगे, लूटपाट और रंगदारी जैसी घटनाएं आम हो गई थीं। व्यापारियों को रंगदारी देने के लिए मजबूर होना पड़ता था और बेटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते थे। नौजवानों को नौकरियों में भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ चुनाव में इन मुद्दों को जनता के सामने रखेगी।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल में भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती आयोगों में अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी की गई। ऐसे लोगों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिन्होंने परीक्षा तक नहीं दी थी। योगी ने कहा कि उस समय अपराधियों का राजनीतिकरण ही नहीं, बल्कि राजनीति का अपराधीकरण हो गया था। उन्होंने सपा के शासनकाल को वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की पहचान से जोड़ते हुए कहा कि थानों पर भी गुंडों का कब्जा रहता था।
80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में योगी ने कहा कि विपक्ष चाहे जितना दुष्प्रचार कर ले, प्रदेश की जनता परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति के नुकसान को अच्छी तरह समझती है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को उस स्थिति से बाहर निकालने का काम किया है।
कानून-व्यवस्था में सुधार से बढ़ा निवेश, 18 हजार युवाओं को मिला रोजगार
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार का उदाहरण देते हुए लखनऊ स्थित एचसीएल टेक के कैंपस का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में केवल 100 लोग काम करते थे, जबकि आज यहां करीब 18 हजार युवा रोजगार पा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश के युवाओं की है।
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि कैंपस में काम करने वाली कई युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से आती हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला कर्मचारियों से पूछा कि क्या वे नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और रात में घर लौटते समय उन्हें डर नहीं लगता?
योगी के मुताबिक, महिला कर्मचारियों ने बताया कि वे रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी बाइक से घर चली जाती हैं। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में गुंडाराज नहीं है, इसलिए उन्हें रात में आने-जाने में डर नहीं लगता। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा में आए बदलाव का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित माहौल का असर अब निवेश पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए कंपनियां आगे आ रही हैं। एचसीएल ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है।
निवेशकों का भरोसा बढ़ा, दंगाइयों और अपराधियों पर कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होने के बावजूद निवेशक उत्तर प्रदेश आने से हिचकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि उद्योगपति प्रदेश में निवेश करने से बचते थे।
योगी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब किसी राज्य का मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी जाने के डर से नोएडा जाने से बचता हो, तो वहां विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने सपा सरकार पर दंगाइयों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगा करने वालों और कानून तोड़ने वालों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनके खिलाफ कार्रवाई होती है। अब किसी को सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा, निवेश, रोजगार और बेहतर कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में प्रदेश की तस्वीर बदली है। भाजपा इन्हीं उपलब्धियों को लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी। योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के नाम पर भाजपा को फिर से सत्ता में लाएगी और पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नया चुनावी रिकॉर्ड कायम करेगी।
इसे भी पढ़ें : CRPF चौकी पर हमले का बदला पूरा, एनकाउंटर में टॉप लश्कर आतंकी लतीफ भट भी ढेर






