अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bhojpur : भोजपुरी गानों और सोशल मीडिया रील्स के जरिए कट्टा, एके-47, हत्या, रंगदारी और जातिगत वर्चस्व का महिमामंडन करने वाले गायकों, गीतकारों और संगीतकारों पर अब भोजपुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। जिले में ऐसे भड़काऊ और आपराधिक प्रवृत्ति वाले गानों पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने प्रमुख भोजपुरी गायकों समेत कुल 45 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद भोजपुरी संगीत उद्योग से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि सिर्फ गाने वाले ही नहीं, बल्कि इन गानों को लिखने वाले, संगीत देने वाले और इनकी रिकॉर्डिंग करने वाले स्टूडियो संचालक भी अब कानून के दायरे में हैं।
सोशल मीडिया निगरानी में पकड़े गए भड़काऊ गाने और रील्स
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने शुक्रवार को इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम लगातार इंटरनेट प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है। इसी निगरानी के दौरान साइबर थाने की टीम को कुछ ऐसे भोजपुरी गाने और वीडियो मिले, जिनमें खुलेआम जातीय वर्चस्व को बढ़ावा दिया जा रहा था और हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों को धमकाने जैसी बातें कही गई थीं। इन गानों को इंस्टाग्राम रील्स और अन्य वीडियो प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से प्रसारित किया जा रहा था। साइबर थाने के अधिकारियों के बयान के आधार पर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया है और अब गानों के निर्माण से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है।
भोजपुरी की समृद्ध विरासत का हवाला देकर पुलिस की भावुक अपील
कार्रवाई के साथ ही भोजपुर पुलिस ने जिले के सभी गायकों, गीतकारों, संगीतकारों, स्टूडियो संचालकों और सोशल मीडिया क्रिएटर्स से एक खास अपील भी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि कलाकार अपने गीतों और वीडियो के माध्यम से समाज में हिंसा, अपराध और जातीय तनाव को बढ़ावा न दें। एसपी ऑफिस की ओर से जारी अपील में भोजपुर और शाहाबाद की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की याद दिलाई गई है। पुलिस ने कहा कि यह वही धरती है जिसने बाबू वीर कुंवर सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी दिए और जहां भिखारी ठाकुर, महेंदर मिसिर, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, विंध्यवासिनी देवी और शारदा सिन्हा जैसे दिग्गज कलाकारों ने बिना किसी अपशब्द या हथियार का सहारा लिए भोजपुरी भाषा और संगीत को पूरी दुनिया में सम्मान दिलाया।
युवाओं पर पड़ रहे बुरे असर को लेकर पुलिस ने जताई चिंता
भोजपुर पुलिस का मानना है कि पिछले कुछ समय में जिले के 20 से 26 साल के युवाओं के बीच आपसी वर्चस्व की होड़ और सोशल मीडिया पर खुद को दबंग दिखाने की चाहत तेजी से बढ़ी है। अवैध हथियारों के प्रति बढ़ते आकर्षण के कारण कई गंभीर आपराधिक घटनाएं भी सामने आई हैं, जिनमें कुछ युवाओं की जान चली गई तो कई का भविष्य जेल की सलाखों के पीछे बर्बाद हो रहा है। पुलिस ने चिंता जताते हुए कहा कि जब गानों और रील्स में हत्या, रंगदारी और हथियारों को बहादुरी के रूप में पेश किया जाता है, तो कम उम्र के युवा इससे प्रभावित होकर अपराध के रास्ते पर चल पड़ते हैं।
ऑपरेशन डिजिटल स्ट्राइक के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
एसपी ने स्पष्ट किया है कि भोजपुर पुलिस ‘ऑपरेशन डिजिटल स्ट्राइक’ के तहत सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने, जातीय वैमनस्य फैलाने और आपराधिक सामग्री डालने वालों के खिलाफ साइबर थाने के जरिए लगातार कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने सभी कलाकारों से आग्रह किया है कि वे सस्ती लोकप्रियता के बजाय भोजपुरी संगीत की मिठास, संवेदना और समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
इसे भी पढ़ें : Build in Bihar, Believe in Bihar : 2.25 लाख करोड़ का MoU, सीएम का ऐलान- 31वें दिन ऑटोमैटिक मंजूरी




