अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले में नशे के गंदे धंधे पर पुलिस ने तीखी चोट की है। पुलिस ने धीमा जहर यानी ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर की गई इस कार्रवाई में 21 वर्षीय सूरज कुमार दुबे को पकड़ा गया है। पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी के कब्जे से 30 ग्राम ब्राउन शुगर, एक आईफोन, बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की ग्लैमर बाइक और 5,320 रुपए नकद जब्त किए हैं।
पुलिस टीम को देखते ही भागने लगा था तस्कर
एसपी अनुदीप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि नगर थाना क्षेत्र में लंबे समय से ब्राउन शुगर की खरीद और बिक्री होने की गुप्त सूचना मिल रही थी। इस इनपुट के आधार पर पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने पहले सूचना का सत्यापन किया और फिर मालगोदाम रोड के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस जवानों को देखकर एक युवक घबराकर भागने लगा। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज कुमार दुबे बताया, जो हिरणपुर थाना क्षेत्र के हाथकाठी छिरकापाड़ा का रहने वाला है।
आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि पकड़ा गया युवक पहले से ही कई अपराधों में शामिल रहा है। एसपी के अनुसार, सूरज कुमार दुबे के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हिरणपुर थाना कांड संख्या 40/26 और पाकुड़िया थाना कांड संख्या 50/24 व 51/24 शामिल हैं। ताजा मामले में नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।
ऑपरेशन जीवन के तहत जारी रहेगा अभियान
एसपी अनुदीप सिंह ने सख्त लहजे में कहा है कि जिले की युवा पीढ़ी को बर्बाद करने वाले नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पाकुड़ पुलिस की ओर से ‘ऑपरेशन जीवन’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत मादक पदार्थों की अवैध खरीद और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज से इस जहर को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : खुली हवा में सांस लेंगे उम्रकैद के 26 कैदी, सीएम हेमंत ने रिहाई पर लगाई अंतिम मुहर




