अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Buxar : बिहार के बक्सर जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कार और बाइक सवार कुल सात युवकों की जान चली गई। मृतकों में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के पांच और बिहार के बक्सर जिले के दो युवक शामिल हैं। हादसे के बाद से ही कार का चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
हवा में 20 फीट उछली कार, दरवाजे तोड़कर निकाले गए शव
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। बेकाबू कार टक्कर मारने के बाद करीब 20 फीट हवा में उछलते हुए सड़क के दूसरी ओर खेत में जाकर पलट गई। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। घटनास्थल पर चारों तरफ चीख-पुकार मची हुई थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला।
बक्सर के डीएसपी गौरव पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के युवक आई-20 कार से जा रहे थे और गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। सोनपा गांव के पास हनुमान राय के डेरा के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया और आगे जा रही बाइक को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार गाजीपुर के उतरौली निवासी 23 वर्षीय अरुण कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठे बिहार के सौरी निवासी शुभम कुमार (21) और जलीलपुर निवासी शिवम कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। हालांकि, वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही दोनों घायलों ने दम तोड़ दिया।
ननिहाल से खाना खाकर लौट रहे थे बाइक सवार दोस्त
मृतक अरुण कुमार के मित्र सौरभ सिंह ने बताया कि अरुण छठ पूजा के मौके पर अपने ननिहाल आया हुआ था। गुरुवार शाम वह अपने दो दोस्तों शुभम और शिवम के साथ खाना खाने के बाद बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से काल बनकर आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। उधर, इस दुर्घटना में कार सवार गाजीपुर के भतौरा गांव निवासी बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज खान (20) और दिव्यांशु ठाकुर (22) की भी मौत हो गई।
बारात की खुशियां मातम में बदलीं, भतौरा गांव में पसरा सन्नाटा
भतौरा के ग्राम प्रशासक ने बताया कि गांव के निवासी रामनिवास राम के बेटे अरुण राम की बारात बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बिशुनपुरा गांव जा रही थी। सभी युवक इसी बारात में शामिल होने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह अनहोनी हो गई। एक ही गांव के चार युवकों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही भतौरा पहुंची, शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद से कार चालक छांगुर उर्फ सतेंद्र लापता है। डीएसपी गौरव पांडेय का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गाजीपुर और बक्सर के संबंधित गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
इसे भी पढ़ें : बिहार की सड़कों पर दौड़ेंगी 100 नई ई-बसें, पीएम कल दिखाएंगे हरी झंडी




