अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की सड़कों पर अब जल्द ही आधुनिक और प्रदूषण-मुक्त सफर की शुरुआत होने जा रही है। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत राज्य को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर पटना के फुलवारी शरीफ स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के केंद्रीय कार्यशाला से इन बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री बसों के संचालन के लिए तैयार किए गए ‘बिहाइंड द मीटर पावर इंफ्रास्ट्रक्चर’ का भी लोकार्पण करेंगे। राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रदूषण पर लगाम लगाने की दिशा में इसे सरकार का एक अहम फैसला माना जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कई दिग्गज मंत्री रहेंगे मौजूद
इस भव्य लोकार्पण समारोह में राज्य और केंद्र सरकार के कई बड़े चेहरे शामिल होंगे। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत) जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय आवासन एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इनके अलावा बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और विजेंद्र प्रसाद यादव भी मंच साझा करेंगे। साथ ही केंद्रीय आवासन एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्य के परिवहन मंत्री दामोदर रावत और पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद की भी इस कार्यक्रम में खास उपस्थिति रहेगी। नई बसों के सड़क पर उतरने से शहर के यात्रियों को रोजाना के सफर में काफी सहूलियत मिलेगी।
बिहार से दिल्ली का सफर होगा आसान, 27 नवंबर को होगा अहम समझौता
इलेक्ट्रिक बसों की सौगात के साथ ही बिहार से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी एक अच्छी खबर है। दोनों राज्यों के बीच आवाजाही को और सुगम बनाने के लिए 27 नवंबर को नई दिल्ली में एक पारस्परिक परिवहन समझौता होने जा रहा है। इस समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत, परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा दिल्ली जाएंगे। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा परिवहन एवं सूचना प्रावैधिकी मंत्री के सचिव को आधिकारिक पत्र भी लिखा जा चुका है। इस समझौते के पूरा होने से बिहार और दिल्ली के बीच सीधी बस सेवा का रास्ता साफ हो जाएगा और आम लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार बना लेदर इंडस्ट्री का नया पावरहाउस, यूरोप के 5 देशों में एक्सपोर्ट हो रहे हाजीपुर के जूते




