अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pauri Garhwal : उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हो गई है। सीएम योगी ने खुद आगे बढ़कर मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और घर से अर्थी लेकर बाहर निकले। इस दौरान मां के अंतिम दर्शन करते हुए सीएम योगी बेहद भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। 89 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में निधन हो गया था। आज हरिद्वार के चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जो पंचूर गांव का पैतृक घाट भी है।
रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे सीएम, अन्न-जल भी छोड़ा
निधन की खबर मिलते ही शुक्रवार शाम को सीएम योगी अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंच गए थे। मां को सामने देख वे खुद को रोक नहीं पाए और काफी देर तक उनके पार्थिव शरीर के पास खड़े होकर उन्हें एकटक निहारते रहे। उन्होंने पुष्प अर्पित कर मां को श्रद्धांजलि दी और परिजनों तथा देखभाल करने वालों से उनके अंतिम समय के बारे में जानकारी ली। भावुक माहौल के बीच सीएम योगी पूरी रात मां के पार्थिव शरीर के पास ही बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। गांव में नाते-रिश्तेदारों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई लोग वहां मौजूद हैं, जबकि चंडी घाट पर होने वाले अंतिम संस्कार में यूपी सरकार के भी कई मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।

तीन साल से बीमार चल रही थीं सावित्री देवी, 7 मई को हुई थी आखिरी मुलाकात
सावित्री देवी पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं। बीते तीन वर्षों में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें एक बार एम्स ऋषिकेश और एक बार जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। दोनों ही मौकों पर सीएम योगी अपनी मां का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। इससे पहले सीएम योगी 7 मई को पंचूर गांव आए थे और 8 मई को वापस लौटे थे, वही मां के साथ उनकी आखिरी मुलाकात साबित हुई।
पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ के जीवन में यह दूसरा बड़ा पारिवारिक आघात है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस वक्त देश में कोरोना महामारी के कारण कड़े प्रतिबंध लागू थे और सीएम के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए वे पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। उधर, गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया गया है। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई और एक शोकसभा भी रखी गई। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मां के अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों को पूरा करने के बाद सीएम योगी शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे उत्तराखंड से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
इसे भी पढ़ें : सीएम योगी के सिर से उठा मां का साया, कल हरिद्वार में अंतिम विदाई




