अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के परिवार से शुक्रवार को दुखद खबर सामने आई। उनकी मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सावित्री देवी अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर रहती थीं। उनके निधन की पुष्टि परिवार और स्थानीय प्रशासन की ओर से की गई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया है।
मई में गांव पहुंचे थे सीएम योगी, मां से लिया था आशीर्वाद
सीएम योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा लगाव रहा है। संन्यास लेने के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें कम हो गई थीं। हालांकि, जब भी उन्हें मौका मिलता था, वह अपने गांव और परिवार के लोगों से मिलने पहुंचते थे। इसी साल मई में अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान सीएम योगी 7 मई को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और स्थानीय लोगों के साथ परिजनों से भी मुलाकात की थी।
8 मई को कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया था। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि मां और बेटे की यह मुलाकात उनकी आखिरी मुलाकात बन जाएगी। सीएम योगी का जीवन संन्यास और सार्वजनिक जिम्मेदारियों के बीच बीता है। इसके बावजूद मां के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा चर्चा में रहा है। मां से मिलने के दौरान की तस्वीरें भी सामने आई थीं।
हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार, शोक संवेदनाओं का सिलसिला शुरू
सावित्री देवी के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद खबर के बाद परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों में शोक का माहौल है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और प्यार जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और सीएम योगी आदित्यनाथ सहित पूरे शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सावित्री देवी के निधन से सीएम योगी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का साया उठ जाना किसी भी व्यक्ति के जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
इसे भी पढ़ें : अपराधियों पर नकेल कसने सड़कों पर उतरी रामगढ़ पुलिस, रातभर चली गाड़यों की चेकिंग




