अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vaishali/Patna : वैशाली की धरती शनिवार को एक अलग ही रंग में रंगी नजर आई। लोकतंत्र की जननी कही जाने वाली इस ऐतिहासिक भूमि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे, तो माहौल में उत्साह और उमंग साफ दिखाई दिया। मौका था एनडीए सरकार के मौजूदा कार्यकाल का एक साल पूरा होने का और करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण तथा शिलान्यास का। लेकिन इस पूरे कार्यक्रम में जो बात लोगों और सियासी हलकों में सबसे ज्यादा चर्चा में रही, वह थी पीएम मोदी का सीएम सम्राट चौधरी के प्रति खुला भरोसा और स्नेह। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच से सीएम सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम को खुलकर अपना आशीर्वाद दिया। मंच से लेकर पुल के निरीक्षण तक, दोनों नेताओं की मौजूदगी ने यह संदेश दे गया कि बिहार में विकास की गाड़ी अब पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रही है।
सुशासन की डोर और सम्राट चौधरी की टीम
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पिछले वर्षों के सफर को याद किया। उन्होंने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद की एक नई राह पकड़ी थी और लंबे समय तक नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सुशासन का भरोसा कायम हुआ। उनके बीस वर्षों के सेवाकाल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उसी सुशासन की विरासत को अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम पूरी ताकत से आगे बढ़ा रही है।
मंच से पीएम मोदी ने सम्राट चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि “आदरणीय नीतीश जी के आशीर्वाद से पूरी टीम विकास के इस कारवां को आगे ले जा रही है।” उनके इस बयान में जहां पुराने अनुभव और सम्मान की झलक थी, वहीं नई पीढ़ी और मौजूदा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का स्पष्ट संकेत भी था। पीएम मोदी ने कहा कि आज बिहार में चर्चा घोटालों की नहीं, बल्कि बड़े निवेश, बेहतर सड़कों और आधुनिक सुविधाओं की होती है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की योजनाओं को जमीन पर उतारने में राज्य सरकार तेजी दिखा रही है, जिससे डबल इंजन की ताकत साफ नजर आती है।
खुली जीप से ‘नीतीश सेतु’ तक दिखी खास तालमेल
कार्यक्रम की शुरुआत से ही एक खास तालमेल देखने को मिली। सभा स्थल तक खुली जीप में सवार होकर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों, महिलाओं और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

इसके बाद सबसे बड़ा आकर्षण रहा गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह बिदुपुर छह लेन केबल ब्रिज का लोकार्पण, जिसे नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक पुल का जब पीएम मोदी निरीक्षण करने पहुंचे, तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उनके साथ रहे। दोनों नेताओं के बीच की यह सहजता और साथ चलना यह बताने के लिए काफी था कि सरकार और संगठन के स्तर पर तालमेल मजबूत है।
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आसान होगा सफर
‘नीतीश सेतु’ को लेकर लोगों में खासी उत्सुकता देखी गई। पीएम मोदी ने कहा कि यह पुल नीतीश कुमार के वर्षों के परिश्रम और समर्पण के प्रति बिहार के लोगों के सम्मान का प्रतीक है। गंगा पर बना यह छह लेन का पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आने जाने की परेशानी को काफी कम करेगा।
इसका सीधा फायदा आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर लगने वाले जाम और ट्रैफिक के दबाव से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। राघोपुर दियारा समेत आसपास के इलाकों के लोगों के लिए यह पुल किसी वरदान से कम नहीं है। किसानों की फसल, ताजी सब्जियां, फल और दूध दही अब आसानी से बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे, जिससे उनकी कमाई बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, कॉलेज जाने वाले युवाओं और इलाज के लिए शहर आने वाले बुजुर्गों का समय और पैसा दोनों बचेंगे।

सड़कों, बिजली और शहरों के लिए बड़ी सौगातें
वैशाली के मंच से प्रधानमंत्री ने सिर्फ एक पुल ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए कई अहम परियोजनाओं की सौगात दी। औरंगाबाद जोरदाहा सिक्स लेन हाईवे के लोकार्पण से राज्य के सड़क नेटवर्क को और मजबूती मिली है। इससे माल ढुलाई तेज होगी और लंबी दूरी का सफर भी आसान बनेगा।
ऊर्जा के क्षेत्र में भी बिहार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। बक्सर थर्मल पावर प्लांट से जुड़े कार्यों, पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के ट्रांसमिशन सिस्टम की आधारशिला और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसी योजनाएं आने वाले समय में बिजली की उपलब्धता को बेहतर करेंगी।
शहरी इलाकों की सुविधाओं पर भी खास ध्यान दिया गया है। शहरी जलापूर्ति और सीवरेज से जुड़ी योजनाओं के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की परियोजनाओं की शुरुआत हुई। इसके अलावा सौ पीएम ई बसों को हरी झंडी दिखाई गई, जिससे शहरों में साफ और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 26,900 से अधिक परिवारों के गृह प्रवेश ने भी इस दिन को कई लोगों के लिए यादगार बना दिया।
बिना रुके आगे बढ़ने का आह्वान
अपने भाषण के आखिर में प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए के सभी घटक दलों और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पूरी टीम से अपील की कि वे इसी ऊर्जा और लगन के साथ काम करते रहें। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे पर खरा उतरते हुए बिना रुके और बिना थके काम करना ही आगे का रास्ता है, ताकि बिहार को एक समर्थ और खुशहाल राज्य बनाया जा सके।
इसे भी पढ़ें : दरभंगा पासपोर्ट ऑफिस का पता बदला, 23 नवंबर से कहां होगा कामकाज… जानें




