अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : 10वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू होने में अभी महीनों का वक्त बाकी है, लेकिन राजधानी रांची के नामी निजी स्कूलों में अभी से 11वीं कक्षा में नामांकन की दौड़ शुरू हो गई है। जेवीएम श्यामली समेत शहर के कई अन्य स्कूलों ने बोर्ड परीक्षा से पहले ही 11वीं में दाखिले के लिए अग्रिम आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इतना ही नहीं, रजिस्ट्रेशन के नाम पर छात्रों से दो हजार रुपये तक का शुल्क भी वसूला जा रहा है। स्कूलों की इस मनमानी और जल्दीबाजी को लेकर JPA यानी झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को ईमेल के जरिए एक ज्ञापन भेजकर तत्काल हस्तक्षेप और जांच की मांग की है।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच बढ़ा मानसिक दबाव
अभिभावक संघ का कहना है कि वर्तमान समय में कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राएं अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में पूरी तरह से जुटे हुए हैं। सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड ने परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान भी कर दिया है। सीबीएसई 10वीं की बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी 2027 से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेगी, जबकि आईसीएसई 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी 2027 से 31 मार्च 2027 तक आयोजित होनी हैं। एसोसिएशन के मुताबिक, जब बच्चों के सामने जीवन की इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा की चुनौती खड़ी है, तब उन्हें अगली कक्षा में दाखिले के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने, एंट्रेंस टेस्ट देने और तय समयसीमा के भीतर शुल्क जमा करने के दबाव में डालना किसी भी तरह से सही नहीं है। इससे छात्रों और अभिभावकों के बीच बेवजह का असमंजस और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।
परीक्षा से ज्यादा शुल्क वसूली को दी जा रही प्राथमिकता
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने निजी स्कूलों की कार्यशैली पर सीधा सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे स्कूलों के लिए बच्चों की मानसिक स्थिति, उनकी बोर्ड परीक्षा की तैयारी और पढ़ाई से ज्यादा जरूरी अग्रिम नामांकन और रजिस्ट्रेशन शुल्क की वसूली हो गई है। शिक्षा का असली मकसद विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य देना होता है, न कि एक परीक्षा की तैयारी के दौरान ही उन्हें दूसरी प्रवेश परीक्षा के तनाव में धकेल देना। उनका मानना है कि 10वीं की बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद भी 11वीं में नामांकन की प्रक्रिया को बड़े ही आराम से और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सकता है।
डीईओ से शुल्क की वैधता और पारदर्शिता की जांच की मांग
अभिभावक संघ ने जिला शिक्षा प्रशासन से मांग की है कि जेवीएम श्यामली सहित उन सभी स्कूलों की नामांकन प्रक्रिया की जांच की जाए, जो बोर्ड परीक्षा से पहले ही 11वीं के लिए आवेदन और पैसे जमा करा रहे हैं। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन के नाम पर लिए जा रहे दो हजार रुपये या अन्य किसी भी तरह के शुल्क की वैधता, औचित्य और पारदर्शिता की भी जांच होनी चाहिए। एसोसिएशन ने आग्रह किया है कि शिक्षा विभाग ऐसे स्कूलों को सख्त निर्देश दे कि वे बच्चों और उनके माता-पिता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ और मानसिक दबाव न बनाएं, ताकि छात्र तनावमुक्त होकर अपनी बोर्ड परीक्षा दे सकें।
इसे भी पढ़ें : उधार के लफड़े में बिछाई मौत की बिसात, घर की दहलीज पर मारी गोली, छह संदेही सलाखों के पीछे




