अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vaishali : गंगा की लहरों के बीच वैशाली की धरती शनिवार को बिहार के विकास के एक नए अध्याय की गवाह बनी। मौका था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों राज्य को मिली करीब 34,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात का। इस भव्य समारोह में सीएम सम्राट चौधरी के चेहरे पर राज्य के बदलते भविष्य की चमक साफ दिखाई दे रही थी। अपने संबोधन में सीएम ने इस दिन को बिहार के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार के लगातार सहयोग और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से बिहार अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प ‘विकसित भारत’ है और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का संकल्प ‘समृद्ध बिहार’ है, और राज्य सरकार इन दोनों संकल्पों को जमीन पर उतारने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।

सीएम ने बताया नीतीश सेतु से क्या बदलेगा
सीएम सम्राट चौधरी ने अपने भाषण में 5,571.69 करोड़ रुपये की लागत से बने 6-लेन ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण को बिहार की विकास यात्रा का सबसे अहम पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ने वाला करीब 19.36 किलोमीटर लंबा यह पुल सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि लाखों लोगों की उम्मीदों का रास्ता है। सीएम के मुताबिक, इस पुल के शुरू होने से गंगा के दोनों किनारों के बीच सफर बेहद आसान हो जाएगा। अब महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर गाड़ियों का दबाव कम होगा, जिससे आम लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने खास तौर पर जिक्र किया कि राघोपुर दियारा क्षेत्र के निवासियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा और उनके लिए शहर तक पहुंचना व कारोबार करना अब पहले से कहीं ज्यादा सुगम होगा।

उद्योग, रोजगार और शिक्षा को लेकर सीएम ने गिनाईं सरकार की बड़ी तैयारियां
समारोह में जुटी भीड़ को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य के युवाओं के भविष्य का पूरा खाका सामने रखा। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग लगाना और युवाओं को यहीं रोजगार देना उनकी सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है। इसके लिए राज्य में इलेक्ट्रॉनिक पार्क और फूड पार्क बनाए जा रहे हैं। साथ ही, जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना होगी, जहां युवाओं को काम के लायक प्रशिक्षण मिलेगा। शिक्षा व्यवस्था में आ रहे बदलावों का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ के तहत 700 मॉडल स्कूल खोले गए हैं, जिनसे 4.5 लाख बच्चों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा ‘विद्या साथी ऐप’ के जरिए छात्रों को 24 घंटे ऑनलाइन शिक्षकों की मदद मिलेगी और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। उच्च शिक्षा के लिए आईआईटी पटना में रिसर्च पार्क और छात्रावास के निर्माण की शुरुआत भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
जनता की सुनवाई से लेकर छठ की आस्था तक… पीएम का जताया आभार
सीएम सम्राट चौधरी ने प्रशासन को जनता के प्रति अधिक जवाबदेह बनाने की पहल साझा करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने ‘सहयोग कार्यक्रम’ शुरू किया है। इसके तहत आम लोगों की समस्याओं को 30 दिनों की तय समय-सीमा के भीतर सुलझाया जाएगा। वहीं, बिहार की आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15,000 विशेष ट्रेनें चलाने और रेलवे स्टेशनों व एयरपोर्ट पर छठ गीतों की व्यवस्था करने के लिए सीएम ने प्रधानमंत्री का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि 2015 और 2024 के विशेष पैकेज, कोसी-मेची लिंक परियोजना और मखाना बोर्ड जैसी योजनाओं से बिहार की खेती और अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।

घर, बिजली और साफ परिवहन से आम आदमी की जिंदगी होगी आसान
सीएम ने केंद्र और राज्य के तालमेल से शुरू हुई उन योजनाओं का भी जिक्र किया, जो सीधे आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक गरीब और जरूरतमंद परिवारों का गृह प्रवेश कराकर उन्हें अपने पक्के घर की सौगात दी गई। शहरों में प्रदूषण कम करने और साफ-सुथरे सफर के लिए 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई। इसके साथ ही बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट की यूनिट-2 और फुलवरिया बांध में फ्लोटिंग सोलर परियोजना के उद्घाटन से राज्य की बिजली व्यवस्था को नई ताकत मिली है। वहीं, साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड में एनएच-139 डब्ल्यू के 4-लेन निर्माण, पीरपैंती पावर प्रोजेक्ट की विद्युत निकासी योजना और कहलगांव सहित कई शहरों में सीवरेज व जलापूर्ति योजनाओं की शुरुआत से आने वाले दिनों में बिहार की तस्वीर पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी।
इसे भी पढ़ें : वैशाली की धरती से विकास का नया संदेश और CM सम्राट को आशीर्वाद दे गये PM मोदी




