अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Goa : इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के तीसरे दिन वेव्स फिल्म बाजार स्थित बिहार पवेलियन का विधिवत उद्घाटन हुआ। अभिनेता, लेखक और निर्देशक पंकज झा तथा फिल्म निर्माता सागर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से इस पवेलियन की शुरुआत की। बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। पंकज झा फिल्म निगम के विशेष आमंत्रण पर ‘पॉलिसी टू पिक्चर: बिहार सिनेमैटिक राइज़’ विषय पर आयोजित चर्चा में शामिल होने के लिए गोवा पहुंचे हैं। पवेलियन में पर्यटन विभाग के सहयोग से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की झलक भी दिखाई गई है।

बिहार में फिल्म शूटिंग के लिए 4 करोड़ तक की सब्सिडी और सरल प्रक्रिया
पवेलियन के उद्घाटन के बाद फिल्म निगम के एमडी प्रणव कुमार और अभिनेता पंकज झा के बीच बिहार में फिल्म उद्योग को मजबूत करने पर विस्तार से बातचीत हुई। प्रणव कुमार ने मीडिया को बताया कि राज्य सरकार फिल्म जगत से जुड़े लोगों के सुझावों का स्वागत करती है। उन्होंने जानकारी दी कि बिहार में फिल्म शूटिंग की अनुमति लेने से लेकर सरकारी अनुदान पाने तक की प्रक्रिया बेहद आसान है। राज्य सरकार बिहार में फिल्म शूट करने वाले निर्माताओं को 4 करोड़ रुपये तक का अनुदान दे रही है। फिल्म परामर्शी प्रो. अरविंद रंजन दास ने भी कहा कि IFFI जैसे बड़े मंच पर भागीदारी से देश और विदेश के बड़े फिल्म निर्माताओं को बिहार में आकर शूटिंग करने के लिए प्रेरित करने का शानदार अवसर मिला है।

पूर्णिया में मार्च से शुरू होगी नई फिल्म की शूटिंग, पंकज झा ने दिया समर्थन
बिहार की नई फिल्म नीति के प्रति फिल्म निर्माताओं का उत्साह साफ नजर आ रहा है। अभिनेता पंकज झा ने फिल्म नीति लागू करने के लिए सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि बिहार उनका घर है और वे यहां फिल्म उद्योग के विकास के लिए अपना पूरा समर्थन देते हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अभिनय एक अदृश्य कला है और यह तब सबसे बेहतर होती है जब नजर नहीं आती। दूसरी ओर, फिल्म नीति और अनुदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी लेने के बाद निर्माता राजन सिंह ने घोषणा की कि वे मार्च महीने में अपनी अगली हिंदी फिल्म की शूटिंग पूर्णिया में करेंगे। वहीं, निर्माता सागर श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी फिल्म ‘टिया’ रिलीज के लिए तैयार है और वे जल्द ही एक बड़े स्टार के साथ बड़े बजट की फिल्म बिहार में शूट करेंगे।

नालंदा में शूट हुई ‘कबीर सर का आखिरी लेसन’ का IFFI इंडियन पैनोरमा में चयन
बिहार की फिल्म नीति का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। पूरी तरह बिहार में शूट हुई हिंदी फिल्म ‘कबीर सर का आखिरी लेसन’ की टीम भी बिहार पवेलियन पहुंची। फिल्म निगम के संचार परामर्शी कुमार गौरव ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक सरफराज, सिनेमेटोग्राफर व प्रोडक्शन डिजाइनर असीम बजाज और लेखक रजनीश बाबा मेहता को सम्मानित किया। इस फिल्म का चयन IFFI के प्रतिष्ठित इंडियन पैनोरमा सेक्शन में हुआ है। निर्देशक सरफराज ने बताया कि उन्होंने नालंदा के बिहार शरीफ में फिल्म की शूटिंग की है, जिसके लिए जिलाधिकारी और फिल्म निगम से पूरा सहयोग और आसानी से अनुमति मिली। लेखक रजनीश ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह फिल्म आज के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक के दौर में एक पुराने शिक्षक के स्मार्ट एजुकेशन अपनाने और शिक्षक-छात्र के मानवीय रिश्तों की अहमियत को दर्शाती है।
इसे भी पढ़ें : मिथिला की धरती पर विकास की नई इबारत लिख गये सीएम सम्राट… जानें




