अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में खेलों को बढ़ावा देने और राज्य को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में खेल विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान सीएम ने निर्देश दिया कि राज्य में खेल आयोजनों को व्यवस्थित रूप देने के लिए जल्द से जल्द बिहार का वार्षिक खेल कैलेंडर जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिसंबर 2026 से मार्च 2027 के बीच होने वाले सभी प्रस्तावित टूर्नामेंट और आयोजनों की तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। साथ ही, उन्होंने यह भी तय करने को कहा कि हर महीने कम से कम एक खेल कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री की मौजूदगी जरूर रहे, ताकि स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ सके और आयोजनों को बेहतर प्रोत्साहन मिले।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट और राजगीर मैराथन पर फोकस
समीक्षा बैठक में आगामी चार महीनों के दौरान होने वाले बड़े आयोजनों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर से मार्च के बीच राज्य में कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें FIE कैडेट और जूनियर पुरुष फॉयल विश्व कप, FIH प्रो लीग, राजगीर मैराथन 2027 और बिहार रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप प्रमुख हैं। इसके अलावा राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान के लिए ‘मशाल टैलेंट आइडेंटिफिकेशन’ लॉन्च समारोह, बिहार राज्य खेल सम्मान समारोह, राजगीर में विंटर कैंप और बिहार पुरुष व महिला कबड्डी लीग का भी आयोजन किया जाएगा। सीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय व्यवस्था की जाए, जिससे देश-दुनिया में बिहार की सकारात्मक छवि बने।
खेल मैदानों का निर्माण और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से रोजगार पर जोर
राज्य में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सीएम ने निर्माणाधीन खेल परिसरों के काम में तेजी लाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही खेल परिसरों का निर्माण कार्य पूरा हो, उन्हें बिना देरी किए संबंधित खेल संघों को सौंप दिया जाए। इससे इन मैदानों और स्टेडियमों का सही इस्तेमाल हो सकेगा और उनका रखरखाव भी बेहतर ढंग से होगा। इसके साथ ही सीएम ने बिहार में खेल उपकरण निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने पर भी खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में ही खेल का सामान बनाने की संभावनाओं को तलाशा और विकसित किया जाए। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि राज्य की औद्योगिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
गांव-गांव तक खेल पहुंचाने के लिए अनूठे आयोजनों की तैयारी
खेलों को केवल पेशेवर खिलाड़ियों तक सीमित न रखकर आम लोगों और हर वर्ग से जोड़ने की भी योजना बनाई गई है। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि पारंपरिक और जनजातीय खेलों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं सामने आ सकें। इसके अलावा महिलाओं के लिए योग सप्ताह, वरिष्ठ नागरिकों के लिए वॉकाथॉन, युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे ई-स्पोर्ट्स की प्रतियोगिता और गंगा तट पर बीच गेम्स कार्निवल जैसे रोचक आयोजन भी किए जाएंगे। बिहार के गौरवशाली खेल इतिहास से लोगों को रूबरू कराने के लिए बिहार संग्रहालय में एक विशेष खेल प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और मंच देने के लिए लगातार काम कर रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : नये IPS अफसरों को CM सम्राट का मंत्र- फील्ड में संवेदनशील रहें, शिकायतों का तुरंत करें निपटारा




