अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने और आम लोगों तक पुलिस की सीधी पहुंच बनाने के लिए सीएम सम्राट चौधरी ने 2025 बैच के प्रशिक्षु IPS अधिकारियों को विशेष टिप्स दिए हैं। मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित एक खास बैठक में सीएम ने इन युवा अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बिहार की सामाजिक, भौगोलिक और प्रशासनिक परिस्थितियों को समझने और उन्हीं जरूरतों के हिसाब से खुद को तैयार करने को कहा। सीएम ने साफ संदेश दिया कि राज्य को और बेहतर बनाने के लिए सभी को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ मिलकर काम करना होगा।

जनता से सीधा संवाद और त्वरित समाधान पर जोर
बैठक के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जिलों में शांति बनाए रखना और अपराध पर लगाम कसना है। इसके लिए जरूरी है कि युवा अधिकारी आम जनता के साथ सीधा संपर्क रखें। जब लोग अपनी समस्या लेकर आएं, तो उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाए और बिना देरी किए उनका समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिलों में काम करते समय प्रशासन की दूसरी इकाइयों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर रखें, ताकि किसी भी स्थिति से आसानी से निपटा जा सके।
पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक और नए सुझावों का स्वागत
पुलिस की कार्यप्रणाली को समय के साथ बदलने की बात कहते हुए सीएम ने आधुनिक तकनीक के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक की मदद से पुलिस के काम में पारदर्शिता लाई जा सकती है और इसे आम लोगों के लिए और ज्यादा मददगार बनाया जा सकता है। सीएम ने इन युवा अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार के लिए अपने नए और रचनात्मक सुझाव देने का भी आह्वान किया।
बैठक में शामिल हुए ये प्रशिक्षु और वरिष्ठ अधिकारी
इस मुलाकात में 2025 बैच के 10 प्रशिक्षु IPS अधिकारी आशीष कुमार, कोशिंदर, मो. ताबिश हसन, नवनीत आनंद, सहर्स कुमार, शुभम, सिदक सिंह, विजय राघव गोयल, विनय कुमार और विश्व वर्द्धन शामिल हुए। सीएम ने सभी को उनके आगामी जिला प्रशिक्षण और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह, एडीजी मुख्यालय सुनील कुमार और आईजी मुख्यालय मनोज कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट का बड़ा फैसला : मार्च 2027 तक चमकेंगी 3 यूनिवर्सिटी, 2030 तक ग्लोबल…




