अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग होने से दो युवकों की मौत हो गई है। इस हमले में उनका एक तीसरा दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। यह खूनी वारदात मंगलवार देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।
मृतकों की पहचान शुभकरण गंज गांव निवासी सनोज यादव के 18 वर्षीय बेटे राहुल कुमार और महंत यादव के 22 वर्षीय बेटे दीपक कुमार के रूप में की गई है। वहीं, गोली लगने से घायल हुआ तीसरा युवक दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय बेटा सोनू कुमार है। जानकारी के मुताबिक, राहुल के मामा रामनरेश यादव की बेटी की शादी थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए राहुल अपने दोनों दोस्तों दीपक और सोनू के साथ मंगलवार की देर शाम बाइक से बीबीगंज चकिया गांव पहुंचा था।
मामा की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे तीनों दोस्त
तीनों दोस्त शादी की खुशियों में शामिल थे, तभी रात करीब 11 बजे चार से पांच की संख्या में हथियारबंद बदमाश वहां आ धमके। बदमाशों ने तीनों युवकों को निशाना बनाते हुए अचानक अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही शादी समारोह में भगदड़ मच गई और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। इस हमले में राहुल और दीपक को गोलियां लगीं और दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, सोनू गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल सोनू को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
घायल युवक ने हमलावरों के नाम पुलिस को बताए
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। अस्पताल में भर्ती घायल सोनू कुमार ने पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया है। सोनू ने बताया कि वह अपने दोस्तों राहुल और दीपक के साथ सिर्फ शादी समारोह में शामिल होने आया था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसने इस गोलीबारी में ढेमन यादव, उसके भतीजे आशीष यादव और तीन से चार अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस अब घायल युवक के बयानों के आधार पर इन सभी नामों की भूमिका की जांच कर रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन
इस पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि 24 और 25 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 11 बजे चकिया गांव में शादी समारोह के पास गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें तीन युवकों को गोली लगी थी, जिनमें राहुल और दीपक की मौत हो गई है, जबकि सोनू का इलाज जारी है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद किया है। एसडीपीओ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुराना विवाद इस घटना की मुख्य वजह लग रहा है। मामले के जल्द खुलासे और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : बिहार में 10 मीटर तक के मकानों के लिए नक्शे की बाध्यता खत्म, FAR 3.0 से बढ़ेगा निर्माण का दायरा




